प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से संवर रहा माताओं और नौनिहालों का भविष्य

सुकमा, 21 सितम्बर 2026/sns/- नगर पालिका परिषद  सुकमा के देवी चौक निवासी श्रीमती शीला कर्मा के चेहरे पर आज मातृत्व की खुशी के साथ भविष्य के प्रति एक नया आत्मविश्वास झलक रहा है। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी “प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना“ शीला जैसी ग्रामीण महिलाओं के लिए आर्थिक और पोषण संबल की मजबूत रीढ़ बनकर उभरी है। योजना के तहत शीला कर्मा के बैंक खाते में सीधे 5,000 रुपये की आर्थिक सहायता राशि अंतरित हुई है। इस राशि का सदुपयोग उन्होंने गर्भावस्था के दौरान आवश्यक पौष्टिक आहार, दवाइयों और ज़रूरी सामान की पूर्ति के लिए किया, जिससे जच्चा-बच्चा दोनों के स्वास्थ्य को बेहतर देखभाल मिल सकी।
श्रीमती शीला कर्मा ने योजना के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहायता से न केवल उनकी तत्कालीन ज़रूरतें पूरी हुईं, बल्कि बची हुई राशि को उन्होंने अपने नवजात शिशु के सुरक्षित भविष्य के लिए बैंक में सहेज कर रख दिया है। शीला ने सुदूर बस्तर संभाग के अंतिम छोर तक कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का तहे दिल से आभार जताया है। उनका कहना है कि इस संवेदनशील योजना ने आर्थिक तंगी के समय एक परिवार के सदस्य की तरह उनकी मदद की है।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का मुख्य उद्देश्य गर्भवती एवं धात्री माताओं को पोषण स्तर में सुधार लाने के लिए प्रत्यक्ष वित्तीय सहायता (डीबीटी) प्रदान करना है, ताकि गर्भावस्था के दौरान काम छूटने से होने वाले आर्थिक नुकसान की भरपाई हो सके और शिशु को जन्म के शुरुआती दिनों में संपूर्ण पोषण मिल सके। सुकमा जिले के सुदूर ग्रामीण अंचलों में शीला कर्मा जैसी अनगिनत महिलाओं तक इस योजना का सीधा लाभ पहुंचना इस बात का प्रमाण है कि शासन की जनकल्याणकारी नीतियां अब समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक और वास्तविक बदलाव ला रही हैं।

About The Author