जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी आमजनों की समस्याएं
जांजगीर-चांपा, 22 सितम्बर 2026/sns/- कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने आज साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से अपनी मांगों, समस्याओं एवं शिकायतों को लेकर पहुंचे आमजनों से सीधे संवाद किया। उन्होंने प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों से प्रकरण की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जनदर्शन में कुल 65 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर श्री महोबे ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता से परीक्षण कर पात्रतानुसार नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने आवेदकों की समस्याओं का समय-सीमा में निराकरण करते हुए पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में तहसील बलौदा के ग्राम बुड़गहन निवासी श्री बोधराम ने नवीन पर्ची बनवाने, बलौदा तहसील के श्री नरसिंह गोड़ ने वृद्धावस्था पेंशन, ग्राम रसौटा निवासी श्री लोकेन्द्र सिंह गौतम ने फार्मर आईडी एवं एग्रीस्टैक, तहसील पामगढ़ के ग्राम भंवतरा निवासी श्री बुधराम खुटे ने प्रधानमंत्री आवास योजना, तहसील शिवरीनारायण के ग्राम कटौद निवासी श्रीमती चीनी बाई बंजारे ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने तथा तहसील अकलतरा निवासी श्री अमित कुमार थवाईत ने चरित्र प्रमाण पत्र से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का नियमानुसार परीक्षण कर पात्रतानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।