सूरज की रोशनी से रोशन हुई बचत की राह

जांजगीर-चांपा, 22 सितम्बर 2026/sns/- विकासखंड बलौदा के ग्राम जर्वे (च) निवासी श्री जगदीश कुमार कश्यप के घर की छत पर लगा सौर पैनल अब परिवार के लिए बचत का जरिया बन गया है। कभी बिजली का बढ़ता बिल परिवार के मासिक बजट पर अतिरिक्त भार डालता था, लेकिन प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 3 किलोवाट क्षमता का सौर पैनल लगने के बाद उनके बिजली खर्च में कमी आई और अब बिजली बिल शून्य हो गया है।
 श्री कश्यप बताते हैं कि पहले हर महीने बिजली बिल को लेकर चिंता रहती थी। बिजली खर्च कम करने के उद्देश्य से उन्होंने योजना का लाभ लिया और घर की छत पर सौर पैनल स्थापित कराया। सौर ऊर्जा से बिजली की जरूरत पूरी होने के साथ अब हर महीने होने वाले खर्च में बचत हो रही है, जिससे परिवार के बजट पर पड़ने वाला भार कम हुआ है। योजना के तहत श्री कश्यप को केंद्र सरकार से 78 हजार रुपये तथा राज्य सरकार से 30 हजार रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई। इस प्रकार उन्हें कुल 1 लाख 8 हजार रुपये की सहायता मिली। सब्सिडी से सौर पैनल लगवाने का आर्थिक भार कम हुआ और परिवार के लिए सौर ऊर्जा अपनाना आसान हुआ। सौर ऊर्जा अपनाने से आर्थिक बचत के साथ परिवार स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा से भी जुड़ा है। श्री कश्यप का कहना है कि बिजली बिल शून्य होने से उन्हें बड़ी राहत मिली है। योजना का लाभ मिलने के बाद वे आसपास के लोगों को भी सौर ऊर्जा अपनाने और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
सेवा संकल्प अभियान के दौरान ‘सेवा की कहानी’ के रूप में सामने आई श्री जगदीश कुमार कश्यप की यह कहानी बताती है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ परिवार की रोजमर्रा की जरूरतों में किस तरह प्रत्यक्ष बदलाव ला सकता है। सौर पैनल उनके लिए बिजली उत्पादन के साथ आर्थिक बचत का माध्यम बन गया है। श्री कश्यप ने योजना से मिली सुविधा के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।

About The Author