राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य जांच
महासमुंद, 22 सितंबर 2026/sns/- संचालनालय आयुष, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार एवं भारत सरकार, आयुष मंत्रालय की पहल के तहत 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर 23 सितंबर 2026 को जिले में विकासखंड स्तरीय आयुष स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत स्वास्थ्य जागरूकता, स्वास्थ्य परीक्षण एवं आयुष चिकित्सा सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
जिले में 23 सितंबर को प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक चार स्थानों पर आयुष स्वास्थ्य मेलों का आयोजन होगा। विकासखंड महासमुंद में शासकीय आयुष पॉलीक्लीनिक, बागबाहरा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पिथौरा में ग्राम लक्ष्मीपुर तथा बसना में ग्राम उमरिया में स्वास्थ्य मेला आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन संचालनालय आयुष, रायपुर के निर्देशानुसार एवं प्रभारी जिला आयुष अधिकारी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। स्वास्थ्य मेले में आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी एवं योग चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, रोगों की रोकथाम, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, योग, दैनिक दिनचर्या तथा स्वास्थ्यवर्धक आदतों के संबंध में आमजन को जानकारी दी जाएगी। नागरिकों को जीवन शैली से संबंधित रोगों की रोकथाम के लिए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए भी जागरूक किया जाएगा। मेले में नेत्र परीक्षण, ब्लड शुगर एवं ब्लड प्रेशर की जांच, विभिन्न रोगों से संबंधित स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय एवं आयुष चिकित्सा परामर्श की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही स्वस्थ जीवनशैली एवं रोगों की रोकथाम संबंधी जागरूकता व्याख्यान, औषधि प्रदर्शनी तथा योगाभ्यास जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
प्रभारी जिला आयुष अधिकारी ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे 23 सितंबर को अपने नजदीकी आयुष स्वास्थ्य मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श एवं आयुष चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाएं।