उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने वीसी के माध्यम से की “वीबी-जी राम जी योजना“ की समीक्षा
सुकमा, 22 सितम्बर 2026/sns/- छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री विजय शर्मा ने मंगलवार को राज्यस्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुकमा जिले में संचालित ‘वी.बी.-जी. राम जी योजना’ के तहत 375 निर्माण और हितग्राहीमूलक कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस उच्चस्तरीय वर्चुअल बैठक में प्रदेशभर के जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों ने भाग लिया। उपमुख्यमंत्री ने सुकमा जिले में चल रहे विकास कार्यों की जमीनी हकीकत का जायजा लेते हुए जनप्रतिनिधियों से सीधे संवाद किया और योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
सुकमा एनआईसी कक्ष से जिला पंचायत सदस्य हूँगा राम मरकाम, श्रीमती गीता कवासी, श्री कोरसा सन्नू, श्रीमती संजना नेगी और श्रीमती माड़े बारसे सहित अन्य जनप्रतिनिधि इस समीक्षा में वर्चुअली शामिल हुए। संवाद के दौरान जिला पंचायत सदस्य हूँगा राम मरकाम ने क्षेत्र के युवाओं और मनरेगा कार्यों के सुचारू संचालन से जुड़ी दो अहम मांगें मजबूती से रखीं। उन्होंने मांग की कि जिले में रिक्त पड़े ग्राम रोजगार सहायकों के पदों पर तत्काल भर्ती की जाए, ताकि मस्टररोल, माप-पुस्तिका और मजदूरी भुगतान जैसे जरूरी कार्य बिना रुकावट चल सकें। इसके साथ ही ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने के लिए हर पंचायत में खेल मैदान निर्माण उपमुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों की मांगों और सुझावों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि योजना के तहत स्वीकृत कार्यों का जनप्रतिनिधि स्वयं मौके पर जाकर नियमित निरीक्षण करें, ताकि निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके। साथ ही, उन्होंने सभी स्वीकृतियों में 60ः40 के निर्धारित अनुपात का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
ग्रामीण बुनियादी ढांचे और सामाजिक जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए मंत्री महोदय ने प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम एक मुक्तिधाम अनिवार्य रूप से स्वीकृत करने की बात कही। उन्होंने यह भी स्पष्ट निर्देश दिया कि बालिका शौचालयों का भूमिपूजन केवल औपचारिक न रहे, बल्कि इसे जनप्रतिनिधियों और स्थानीय बालिकाओं की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न कराया जाए, जिससे स्वच्छता और बालिकाओं की शिक्षा को जमीनी स्तर पर मजबूती मिले। वीसी बैठक में विभागीय आयुक्त श्री तारन प्रकाश सिन्हा, सचिव श्रीमती रिचा शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।