मेहनत को मिला सरकार का साथ,नौनिहाल छात्रवृत्ति से बच्चों के सपनों को मिली उड़ान
बलौदाबाजार-भाटापारा, 22 सितंबर2026/sns/- मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना श्रमिक परिवारों के बच्चों की पढ़ाई को आर्थिक संबल देने के साथ उनमें आगे बढ़ने का आत्मविश्वास भी पैदा कर रही है। मेहनत-मजदूरी कर परिवार चलाने वाले माता-पिता के लिए बच्चों की बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य का सपना कई चुनौतियों के बीच भी प्राथमिकता रहता है। ऐसे में शासन की यह योजना उनके लिए महत्वपूर्ण सहारा बन रही है।
जिले के पलारी विकासखंड के ग्राम छेरकापुर की निवासी रतिबाई गोंड भी इस योजना का लाभ लेकर इसके सकारात्मक प्रभाव को महसूस कर रही हैं। उनका कहना है कि नौनिहाल छात्रवृत्ति से उनके बच्चों की पढ़ाई में आर्थिक मदद मिल रही है। इससे बच्चों का उत्साह बढ़ा है और वे मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
रतिबाई बताती हैं कि उनके बच्चों को छात्रवृत्ति मिलते देखकर आसपास के दूसरे बच्चे भी प्रेरित हो रहे हैं। उनमें भी पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ा है और वे आगे चलकर छात्रवृत्ति प्राप्त करने के लिए मेहनत से पढ़ाई करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
रतिबाई के लिए यह सहायता केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि उनके बच्चों के सपनों को आगे बढ़ाने का संबल है। वहीं उनके बच्चों की प्रगति गांव के दूसरे बच्चों के लिए भी प्रेरणा बन रही है। इस तरह श्रमिक परिवारों की मेहनत और शासन की सहायता मिलकर बच्चों के बेहतर भविष्य की राह तैयार कर रही है।
उल्लेखनीय है कि राज्य शासन के श्रम विभाग के तहत संचालित मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना में पंजीकृत निर्माण श्रमिक परिवारों के प्रथम दो बच्चों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। योजना का उद्देश्य श्रमिक परिवारों के बच्चों को शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना और उन्हें पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करना है।