स्वामी विवेकानंद जिला खनिज न्यास शिक्षा प्रोत्साहन योजना से चंद्रिका के डॉक्टर बनने के सपने

कोरबा, 22 सितंबर 2026/sns/-प्रतिभा को अवसर मिले, तो सपनों को नई दिशा मिलती है। खनन प्रभावित क्षेत्रों के मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कोरबा जिला प्रशासन द्वारा स्वामी विवेकानंद जिला खनिज न्यास शिक्षा प्रोत्साहन योजना के माध्यम से आर्थिक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। योजना के जरिए विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक संबल दिया जा रहा है, ताकि आर्थिक परिस्थितियां उनकी मेहनत, प्रतिभा और भविष्य की राह में बाधा न बनें।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार संचालित इस पहल के तहत उच्च शिक्षा के लिए चयनित प्रतिभावान विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक आवश्यकताओं के अनुरूप सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इसका उद्देश्य खनन प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा के अवसरों का विस्तार करते हुए विद्यार्थियों को अपनी क्षमता के अनुरूप लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
इसी क्रम में पाली विकासखंड निवासी सुश्री चंद्रिका कंवर, पिता श्री प्रधान सिंह ने हायर सेकेंडरी स्कूल चौतमा से कक्षा 12वीं की शिक्षा पूर्ण करने के बाद नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, महासमुंद में एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश प्राप्त किया है। डॉक्टर बनने के लक्ष्य की ओर बढ़ रही चंद्रिका की एमबीबीएस शिक्षा से संबंधित आवश्यक राशि का सहयोग डीएमएफ, कोरबा के माध्यम से किया जाएगा।
आज प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव द्वारा सुश्री चंद्रिका कंवर को रूपये 53 हजार 500 की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया गया। यह सहायता उनकी चिकित्सा शिक्षा को निरंतर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण संबल प्रदान करेगी।

About The Author