सेवा संकल्प अभियान : विकसित भारत की थीम पर दिव्यांग विद्यार्थियों ने उकेरे सपनों के रंग

बिलासपुर, 24 सितम्बर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ विद्यालय, तिफरा में अध्ययनरत दिव्यांग छात्र-छात्राओं द्वारा ‘विकसित भारत’ की थीम पर पेंटिंग एवं रंगोली तैयार की गई। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा और कल्पनाशीलता का प्रदर्शन करते हुए रंगों के माध्यम से विकसित भारत की परिकल्पना को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।

विद्यार्थियों ने अपनी पेंटिंग एवं रंगोली में स्वच्छ एवं सुंदर भारत, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आत्मनिर्भरता, तकनीकी विकास, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण तथा देश की प्रगति जैसे विषयों को प्रमुखता से दर्शाया। रंग-बिरंगे चित्रों और आकर्षक रंगोली के माध्यम से विद्यार्थियों ने देश के उज्ज्वल भविष्य और विकास की अपनी कल्पना को अभिव्यक्त किया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ते हुए उनमें देश के विकास के प्रति जागरूकता एवं सहभागिता की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। दिव्यांग विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा के माध्यम से यह संदेश दिया कि अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर वे भी समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी रचनात्मक भूमिका निभा सकते हैं। विद्यालय में आयोजित इस गतिविधि में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। उनकी बनाई गई पेंटिंग एवं रंगोली ने न केवल उनकी कला प्रतिभा को प्रदर्शित किया, बल्कि विकसित भारत के सपने और संकल्प को भी प्रभावी ढंग से सामने रखा।

About The Author