सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रतीक्षा बस स्टैंड स्थित तालाब में चला विशेष सफाई अभियान

कोरबा, 24 सितंबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पालिका परिषद दीपका द्वारा गुरुवार प्रातः 08 बजे प्रतीक्षा बस स्टैंड स्थित तालाब में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान तालाब परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई की गई तथा जमा कचरे एवं गंदगी को हटाया गया।
सफाई अभियान में नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती संगीता साहू, एल्डरमैन श्रीमती सुभद्रा यादव एवं श्री आनंद चौकसे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री नेतराम रत्नेश सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से सहभागिता करते हुए स्वयं सफाई कार्य किया।
इस दौरान तालाब के आसपास की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही जलस्रोत को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों और जलस्रोतों की स्वच्छता केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ एवं सुंदर दीपका के निर्माण में सहयोग करने का संदेश दिया गया। नगर पालिका परिषद द्वारा नागरिकों से अपील की गई कि तालाब एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फेंकें और स्वच्छता बनाए रखने में नगर पालिका का सहयोग करें।
क्रमांक 1121/कमलज्योति/फोटो क्रमांक – 12, 13
//समाचार//
सेवा संकल्प अभियान के तहत पोड़ी उपरोड़ा में दिव्यांग सहायता शिविर आयोजित
11 दिव्यांगजनों को मिली बैटरी चलित ट्राइसाइकिल, बच्चे को प्रदान किया गया श्रवण यंत्र
कोरबा, 24 सितंबर 2026/
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के पोड़ी उपरोड़ा में दिव्यांग सहायता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायता एवं उपयोगी उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें सुगम आवागमन तथा बेहतर जीवन की सुविधा प्रदान करना रहा।
शिविर में 11 दिव्यांगजनों को बैटरी चलित ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। ट्राइसाइकिल मिलने से दिव्यांगजनों के आवागमन में सुविधा होगी और वे अपने दैनिक कार्यों के लिए अधिक आत्मनिर्भर होकर आवागमन कर सकेंगे। सहायता सामग्री प्राप्त करने वाले दिव्यांगजनों के चेहरों पर खुशी और संतोष दिखाई दिया।
इसी क्रम में एक बच्चे को श्रवण यंत्र भी प्रदान किया गया। श्रवण यंत्र मिलने से बच्चे को सुनने में सहायता मिलेगी तथा उसकी दैनिक गतिविधियों और संवाद में सुविधा होने की उम्मीद है। जरूरतमंदों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायता उपलब्ध कराने की यह पहल सेवा संकल्प अभियान की संवेदनशील भावना को साकार करती है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री पवन सिंह, जनपद अध्यक्ष श्रीमती माधुरी तंवर, जनपद उपाध्यक्ष श्री प्रकाश जाखड़, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), जनपद सदस्यगण, उप संचालक समाज कल्याण, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में दिव्यांगजन भी शामिल हुए।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित यह शिविर दिव्यांगजनों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने, उनके जीवन को सुगम बनाने तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक सार्थक पहल रहा।

About The Author