सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला में चला स्वच्छता अभियान
कवर्धा, 25 सितंबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के तहत कबीरधाम जिले में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत एनीकट परिसर, घाट एवं गणेश विसर्जन स्थल का सफाई किया गया। अभियान में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ स्थानीय नागरिकों, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। सभी ने मिलकर नगर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, कार्यालय परिसर, नालियों, आसपास के क्षेत्रों एवं मुख्य मार्गों की साफ-सफाई की। स्वच्छता अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर एकत्रित कचरे का उचित निस्तारण किया गया। साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी नहीं फैलाने तथा अपने घर एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया। जल संसाधन विभाग द्वारा एनीकट परिसर, नदीघाट में सफाई अभियान चलाया गया।
अभियान में शामिल लोगों ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारा दैनिक दायित्व है। स्वच्छ वातावरण से नागरिकों का स्वास्थ्य बेहतर होता है और समाज अधिक सुंदर एवं विकसित बनता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने घर, आसपास एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। अभियान में शामिल अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान लोगों को यह संदेश दिया गया कि स्वच्छ और सुंदर निर्माण के लिए प्रशासन, विभाग एवं नागरिकों की सामूहिक भागीदारी आवश्यक है। जल संसाधन विभाग द्वारा बताया गया कि स्वच्छता से जुड़ी ऐसी गतिविधियां आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगी।
गणेश विसर्जन स्थल की गई सफाई
स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के अंतर्गत आज नगर पंचायत पांडातराई में गणेश विसर्जन स्थल पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विसर्जन स्थल एवं आसपास के परिसर की साफ-सफाई कर कचरे एवं अन्य अपशिष्ट को हटाया गया तथा स्थल को स्वच्छ एवं व्यवस्थित किया गया। सीएमओ श्री अभिषेक सिंह ने बताया कि इस स्वच्छता गतिविधि का उद्देश्य धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखना, स्वच्छता के प्रति नागरिकों में जागरूकता बढ़ाना तथा जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छ एवं सुंदर पांडातराई का निर्माण करना रहा।