सेवा संकल्प अभियान के तहत मतदाता जागरूकता एवं पंजीकरण कार्यक्रम का हुआ आयोजन
कवर्धा, 25 सितंबर 2026/sns/- कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती तुलिका प्रजापति के मार्गदर्शन एवं निर्देश पर आचार्य पंथ श्री गृध मुनि नाम साहेब शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कवर्धा में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मतदाता जागरूकता एवं पंजीकरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके विद्यार्थियों को मतदाता के रूप में पंजीकरण की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के स्वीप नोडल अधिकारी नरेंद्र कुमार कुलमित्र ने विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिन विद्यार्थियों ने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है, वे फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को आवेदन की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, पहचान एवं निवास संबंधी प्रमाण तथा आवेदन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं पंजीकरण कराने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के पात्र युवाओं को भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. ऋचा मिश्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक और जिम्मेदार नागरिकों से होती है। मतदान लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की भागीदारी का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे मतदान के अधिकार को समझें और पात्र होने पर मतदाता सूची में अपना नाम अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र के लिए जागरूक मतदाता और स्वस्थ मतदान आवश्यक है। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. ऋचा मिश्रा ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को मतदाता शपथ दिलाई तथा निष्पक्ष, निर्भीक एवं जिम्मेदार मतदान के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि शासकीय गजानन माधव मुक्तिबोध महाविद्यालय, लोहारा के प्राचार्य डॉ. कांति सिंह परिहार ने मतदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मत की अपनी महत्ता होती है। युवा वर्ग देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे मतदान प्रक्रिया को केवल चुनाव के समय की गतिविधि न मानें, बल्कि इसे अपने नागरिक दायित्व के रूप में समझें। उन्होंने कहा कि जागरूक मतदाता अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहता है।
शासकीय स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय, बोड़ला के प्राचार्य डॉ. उमेश पाठक ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में मतदान की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि मतदान के माध्यम से नागरिक शासन व्यवस्था में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हैं। युवा मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी लोकतंत्र को अधिक व्यापक और सहभागी बनाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं मतदान के लिए तैयार हों तथा अपने परिवार और समाज में भी मतदाता जागरूकता का संदेश पहुंचाएं। इस अवसर पर महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में मतदाता पंजीकरण एवं मतदान के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के साथ-साथ लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी जिम्मेदारी को भी रेखांकित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज होना लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रयोग की दिशा में पहला महत्वपूर्ण कदम है। पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करने तथा अपने नाम एवं विवरण की शुद्धता सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया। विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए मतदाता पंजीकरण से संबंधित विभिन्न प्रश्नों की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखने, अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करने तथा अन्य पात्र नागरिकों को भी मतदाता बनने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।