सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलेभर में शुरू हुआ आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम

राजनांदगांव, 26 सितम्बर 2026/sns/-सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आज जिले की समस्त परियोजनाओं, क्लस्टरों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में व्यापक रूप से आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं, बच्चों एवं परिवारों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोडऩे के साथ स्वास्थ्य, पोषण एवं सामाजिक सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ स्वास्थ्य एवं श्रम विभाग का समन्वित सहयोग रहा।
आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के दौरान विभिन्न आंगनबाड़ी केन्द्रों में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए गए। गर्भवती एवं धात्री महिलाओं सहित हितग्राहियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया गया। महिलाओं एवं बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए पोषण जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया तथा संतुलित एवं पौष्टिक आहार की जानकारी देते हुए आदर्श पोषण आहार का प्रदर्शन एवं जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम को सहभागितापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण बनाने के लिए महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक खेलकूद एवं सामूहिक गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की गोद भराई रस्म संपन्न कर उन्हें मातृत्व एवं पोषण संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई। साथ ही शासन की योजनाओं का विवेकपूर्ण उपयोग कर अपने परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाले हितग्राहियों को सम्मानित किया गया। आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिनों को भी सम्मानित किया गया। उनके द्वारा महिला एवं बाल स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण, जनजागरूकता तथा शासन की योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने में किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई।

About The Author