विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा के नेतृत्व में 28 वें वर्ष में भी नशामुक्ति अभियान जारी, दूसरे दिन भी दिखी व्यापक जनभागीदारी
नशामुक्त समाज के संकल्प के साथ आगे बढ़ी पदयात्रा
विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा के नेतृत्व में 28 वें वर्ष में भी नशामुक्ति अभियान जारी, दूसरे दिन भी दिखी व्यापक जनभागीदारी
रायपुर। नशामुक्त भारत और नशामुक्त छत्तीसगढ़ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रायपुर में आयोजित नशामुक्त भारत पदयात्रा सप्ताह का दूसरा दिन भी उत्साह एवं व्यापक जनभागीदारी के साथ संपन्न हुआ। रायपुर उत्तर विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित पदयात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न समाजों के प्रमुखजनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
पदयात्रा की शुरुआत भगत सिंह चौक, गौरव पथ से हुई। प्रारंभ में शहीद भगत सिंह जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके पश्चात पदयात्रा गौरव पथ से होते हुए भीमराव अंबेडकर चौक पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन किया गया।
27 वर्षों की निरंतर यात्रा, 28वें वर्ष में भी संकल्प जारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि नशामुक्त भारत और नशामुक्त छत्तीसगढ़ की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से पिछले 27 वर्षों से लगातार नशामुक्ति पदयात्रा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान अब अपने 28वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जनजागरण किसी एक व्यक्ति या संस्था का विषय नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रखना और उन्हें शिक्षा, खेल, संस्कार एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
श्री मिश्रा ने कहा कि युवा देश और समाज की सबसे बड़ी शक्ति हैं। युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देकर ही स्वस्थ परिवार, संस्कारवान समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है। नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता फैलाने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के राष्ट्रीय संकल्प से जुड़ा जनजागरण
नशामुक्ति के इस अभियान को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा 2 अगस्त 2026 को प्रारंभ किए गए ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान’ से भी जोड़ा गया। यह 100 सप्ताह का राष्ट्रव्यापी जनभागीदारी अभियान है, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना और उन्हें समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक के रूप में आगे लाना है।
विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नशामुक्त युवा और विकसित भारत के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए केवल जागरूकता ही नहीं, बल्कि सेवा, सहभागिता और सकारात्मक सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को खेल, शिक्षा, योग, सांस्कृतिक गतिविधियों और सामाजिक सेवा से जोड़कर उनकी ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगाया जा सकता है। प्रधानमंत्री जी के अभियान में भी खेल, फिटनेस, जागरूकता, योग, ध्यान और सामुदायिक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक जीवनशैली से जोड़ने पर जोर दिया गया है।
छत्तीसगढ़ महतारी और डॉ. अंबेडकर जी को किया नमन
पदयात्रा भगत सिंह चौक, गौरव पथ से होते हुए भीमराव अंबेडकर चौक पहुंची। समापन अवसर पर छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर प्रदेश की संस्कृति, गौरव और अस्मिता को नमन किया गया। इसके पश्चात भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके समानता, सामाजिक न्याय और राष्ट्र निर्माण के विचारों को स्मरण किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने नशे के विरुद्ध जनजागरण को निरंतर आगे बढ़ाने तथा स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
भाजपा पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि हुए शामिल
कार्यक्रम में जिला जिला उपाध्यक्ष अकबर अली, जिला महामंत्री श्री अमित महेश्वरी जी एवं पार्षद संतोष सीमा साहू, पूर्व जोन अध्यक्ष प्रमोद साहू, पार्षद अमर गिदवानी, पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक पांडे, सुमन यादव, जिला सह- आई टी सेल प्रभारी सदाशिव सोनी,एमआईसी सदस्य महेंद्र खोडियार, रोहित साहू, mic सदस्य अवतार बागल, mic सदस्य संजना संतोष हियाल, अनिल बाग, आनंद, राहुल यादव, अनुराग साहू, राधे दुर्गा, किशोर नायक, गोपाल सोना एवं शिवानी हरदहा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।
युवाओं को दिया नशे से दूर रहने का संदेश
पदयात्रा के माध्यम से विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। छात्र-छात्राओं एवं युवाओं की सहभागिता ने अभियान को नई ऊर्जा प्रदान की।
आयोजकों ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण तभी संभव है, जब परिवार, समाज, शिक्षण संस्थान, सामाजिक संगठन और युवा मिलकर इसके खिलाफ जागरूकता का वातावरण तैयार करें। सेवा और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देना इस संकल्प की महत्वपूर्ण कड़ी है।
नशामुक्त भारत पदयात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि स्वस्थ पीढ़ी, सुरक्षित परिवार और सशक्त समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प है। दूसरे दिन की पदयात्रा ने नशे के विरुद्ध जनजागरण को और मजबूती प्रदान करते हुए समाज के सभी वर्गों को इस अभियान से जुड़ने तथा नशामुक्त भारत और विकसित भारत के संकल्प में सहभागी बनने का संदेश दिया।

