सेवा संकल्प अभियान से गिरजा यादव को मिला मातृत्व का संबल

मोहला, 30 सितंबर 2026/sns/-श्रमिक परिवारों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सरल, सहज और समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में सेवा संकल्प अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ उन्हें लाभ दिलाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी क्रम में मिनीमाता महतारी जतन योजना महिला श्रमिकों के लिए प्रसव के समय आर्थिक संबल का माध्यम बन रही है।
विकासखंड अंबागढ़ चौकी के ग्राम केकतीटोला निवासी श्रीमती गिरजा यादव को मिनीमाता महतारी जतन योजना के अंतर्गत 20 हजार रुपए की एकमुश्त प्रसूति सहायता राशि प्राप्त हुई। छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत महिला श्रमिक गिरजा यादव के बैंक खाते में यह राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे जमा हुई।
श्रीमती गिरजा यादव ने बताया कि प्रसव के समय मिली आर्थिक सहायता उनके परिवार के लिए काफी उपयोगी साबित हुई। उन्होंने प्राप्त राशि का उपयोग अपने बच्चे के पालन-पोषण एवं भविष्य की जरूरतों के लिए किया। योजना से मिली आर्थिक मदद से परिवार की आर्थिक चिंता कम हुई और नवजात की आवश्यकताओं को पूरा करने में सहूलियत मिली।
श्रीमती गिरजा यादव ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्रमिक एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए संचालित ऐसी योजनाएं कठिन समय में बड़ा सहारा प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जरूरतमंद परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के प्रयास से उन्हें समय पर आर्थिक सहायता प्राप्त हुई है।
उन्होंने कहा कि मिनीमाता महतारी जतन योजना माताओं को प्रसव के दौरान आर्थिक सहायता देने के साथ नवजात शिशु के बेहतर पालन-पोषण और देखभाल में भी मददगार साबित हो रही है। उन्होंने शासन की इस पहल के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया और अन्य पात्र महिला श्रमिकों से भी योजना का लाभ लेने की अपील की।

  • पंजीकृत महिला श्रमिकों को मिलता है योजना का लाभ, कर सकते है आवेदन

मिनीमाता महतारी जतन योजना का लाभ लेने के लिए महिला श्रमिक का छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत होना आवश्यक है। बच्चे के जन्म के 90 दिनों के भीतर निर्धारित दस्तावेजों के साथ आवेदन किया जा सकता है। इसके लिए श्रमिक पंजीयन प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, आधार कार्ड, उत्तराधिकारी का आधार कार्ड, बैंक पासबुक, मोबाइल नंबर एवं शिशु का जन्म प्रमाण पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करना होता है।
हितग्राही श्रम विभाग, लोक सेवा केंद्र अथवा वीएलई के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाकर उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

About The Author