सेवा संकल्प अभियान के तहत किसान संगोष्ठी आयोजित

मोहला, 30 सितंबर 2026/sns/-शासन की सेवा संकल्प अभियान की भावना के अनुरूप किसानों तक शासकीय योजनाओं, कृषि संबंधी तकनीकी जानकारी एवं विभागीय सेवाओं को पहुंचाने के उद्देश्य से विकासखंड मोहला के ग्राम पंचायत देवरसूर में एक्सटेंशन रिफॉर्म्स आत्मा योजना अंतर्गत खरीफ किसान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में कृषि एवं समवर्गीय विभागों द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी किसानों को दी गई तथा फसलों में कीट एवं रोग प्रबंधन के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री डी.एन. मण्डावी ने किसान सम्मान निधि, कृषक उन्नति योजना, जैविक खेती को बढ़ावा देने तथा कम पानी में होने वाली रबी फसलों की खेती के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों से कृषि की उन्नत एवं वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने की अपील की। ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री डी.के. वर्मा ने धान की फसल में वर्तमान समय में दिखाई दे रहे तना छेदक, भूरा माहू, चूसक कीट, जीवाणु जनित झुलसा एवं ब्लास्ट रोग की पहचान, रोकथाम एवं प्रबंधन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भूरा माहू पौधों के तने एवं पत्तियों से रस चूसकर फसल को नुकसान पहुंचाता है। अधिक प्रकोप होने पर पौधे नीचे से ऊपर की ओर पीले-भूरे होकर सूखने लगते हैं, जिसे हॉपर बर्न कहा जाता है।
किसानों को फसल सुरक्षा के लिए ग्रीष्मकालीन जुताई, बीजोपचार, रोग प्रतिरोधी किस्मों का चयन, संतुलित खाद एवं उर्वरक का उपयोग तथा उचित जल प्रबंधन अपनाने की सलाह दी गई। साथ ही आवश्यकता के अनुसार विभागीय अनुशंसाओं के अनुरूप कीट एवं रोग नियंत्रण के उपाय अपनाने की जानकारी दी गई। क्षेत्रीय ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री दिपांशु चंद्रवंशी ने किसानों को एग्रीस्टैक में पंजीयन की जानकारी दी तथा डिजिटल माध्यम से विभागीय सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। मत्स्य निरीक्षक सुश्री पल्लवी यादव ने मत्स्य पालन विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए मत्स्य पालन को अतिरिक्त आय के साधन के रूप में अपनाने की अपील की।
संगोष्ठी में सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से किसानों को समय पर जानकारी, मार्गदर्शन एवं शासकीय योजनाओं से जोड़ने तथा पात्र हितग्राहियों तक जनकल्याणकारी सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने किसानों से विभागीय योजनाओं का लाभ लेने और कृषि संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए मैदानी अमले से संपर्क करने की अपील की।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य श्रीमती अनिता जायसवाल, पूर्व जनपद सदस्य श्री चैतराम कोमरे, उपसरपंच श्री गेंदलाल कोमरे, वार्ड पंच श्री लछनराम, श्री सराधूराम, श्रीमती अंजू उसेंडी, श्रीमती तिजन बाई, ग्राम पटेल श्री छत्तर सिंह, प्रगतिशील कृषक श्री यादवराम यादव, श्री लगनूराम जायसवाल सहित कृषि विभाग के आत्मा कर्मचारी श्री संदीप लकड़ा, श्री पोखराज कुमार सिन्हा, किसान संगवारी नागसाय तथा बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष किसान उपस्थित रहे।

About The Author