बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत जिज्ञासा बॉक्स की स्थापना
बलौदाबाजार, 30 सितम्बर 2026/sns/- कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देशानुसार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी अतुल परिहार के मार्गदर्शन में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय एवं शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय लवन तथा शासकीय हाई स्कूल बरदा में जिज्ञासा बॉक्स की स्थापना की गई।
जिज्ञासा बॉक्स की स्थापना का प्रमुख उद्देश्य विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं को उनकी शैक्षणिक, सामाजिक, व्यक्तिगत, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं अधिकारों से संबंधित जिज्ञासाओं तथा समस्याओं को निःसंकोच अभिव्यक्त करने हेतु एक सुरक्षित एवं गोपनीय माध्यम उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से छात्राएं बिना अपना नाम अंकित किए अपनी जिज्ञासा, प्रश्न अथवा समस्या लिखकर जिज्ञासा बॉक्स में डाल सकेंगी।
मिशन शक्ति हब की टीम द्वारा प्राप्त जिज्ञासाओं का परीक्षण एवं आवश्यकतानुसार विषय-विशेषज्ञों के सहयोग से समाधान उत्तर उपलब्ध कराया जाएगा। आवश्यकता होने पर छात्राओं को संबंधित विभागीय सेवाओं, परामर्श एवं सहायता तंत्र से भी जोड़ा जाएगा। इस प्रक्रिया में छात्राओं की गोपनीयता एवं गरिमा को प्राथमिकता दी जाएगी।
जिज्ञासा बॉक्स की स्थापना से विद्यालयीन छात्राओं को अपनी बात निर्भीकता, सहजता एवं गोपनीयता के साथ रखने का अवसर प्राप्त होगा तथा उनकी जिज्ञासाओं एवं समस्याओं के समयबद्ध निराकरण की दिशा में प्रभावी पहल सुनिश्चित होगी। यह पहल बालिकाओं में आत्मविश्वास, निर्णय क्षमता, जागरूकता एवं अधिकार-बोध विकसित करने तथा उन्हें सुरक्षित एवं सशक्त वातावरण प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।