कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोड़ला का किया निरीक्षण

कवर्धा, 30 सितंबर 2026/sns/- कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोड़ला का निरीक्षण कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचे मरीजों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना तथा स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उनकी आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने अस्पताल के विभिन्न कक्षों एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने मरीजों को समय पर बेहतर उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा सहजता से उपलब्ध हो, यह सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने अस्पताल के दवा वितरण केंद्र पहुंचकर वहां उपलब्ध दवाइयों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था एवं मरीजों को दवा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल में आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित रहे, ताकि मरीजों को उपचार के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, मरीजों के लिए आवश्यक सुविधाओं तथा स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने पर भी जोर दिया। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि मरीजों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं व्यवस्थित और प्रभावी रूप से संचालित की जाएं। निरीक्षण के दौरान बीएमओं श्री पुरषोतम राजपुत, संबंधित चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author