एसबीआई आरसेटी में 30 दिवसीय राजमिस्त्री प्रशिक्षण संपन्न
बलौदाबाजार, 30 सितंबर 2026/sns/- भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान बलौदाबाजार द्वारा आयोजित 30 दिवसीय राजमिस्त्री प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन बुधवार+को असेसमेंट के साथ संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षार्थियों को राजमिस्त्री कार्य से संबंधित आवश्यक सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री, औजारों का सही उपयोग, ईंट एवं सीमेंट से संबंधित कार्य, चिनाई, प्लास्टर, माप-जोख तथा निर्माण कार्य में आवश्यक सावधानियों सहित विभिन्न तकनीकी विषयों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षार्थियों ने प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न व्यावहारिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रशिक्षण के अंतिम चरण में प्रशिक्षार्थियों का असेसमेंट छत्तीसगढ़ राज्य एसेसर अरुण सोनी के मार्गदर्शन में एसेसर समीर कुंडु एवं डोमेन एसेसर रमाशंकर मशराम द्वारा संपन्न कराया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 30 प्रशिक्षार्थियों ने भाग लिया तथा सभी प्रशिक्षार्थियों ने प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान एवं कौशल का प्रदर्शन किया।
अग्रणी बैंक प्रबंधक शिवकुमार कंवर द्वारा प्रशिक्षार्थियों को प्रशिक्षण से संबंधित टूलकिट का वितरण किया गया। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों को प्रशिक्षण में प्राप्त कौशल का उपयोग करते हुए रोजगार एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा अपने कौशल को व्यवसाय के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित किया।संस्थान के निदेशक बैजनाथ कुमार ने प्रशिक्षार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त तकनीकी एवं व्यावहारिक कौशल को आत्मविश्वास के साथ अपने कार्यक्षेत्र में उपयोग करें। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों को स्वरोजगार स्थापित करने, अपनी आय बढ़ाने तथा आवश्यकता पड़ने पर बैंकिंग एवं ऋण सुविधाओं का लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।