कच्ची छत से पक्के आशियाने तकः ईमला आलम का सपना हुआ साकार

बीजापुर, 01 अक्टूबर 2026/sns/- कभी बारिश का मौसम आते ही छत से टपकता पानी और कच्चे मकान की चिंता ईमला आलम के परिवार की मुश्किलें बढ़ा देती थी। वर्षों तक इन परेशानियों के बीच जीवन गुजारने वाली ईमला के लिए आज वही जगह खुशियों का पक्का आशियाना बन गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से उनके अपने पक्के मकान का सपना साकार हुआ है।
भोपालपटनम नगरीय क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 08 में रहने वाली श्रीमती ईमला आलम, पति श्री राजकुमार आलम पहले एक छोटे से कच्चे मकान में निवास करती थीं। मकान की छत कमजोर होने के कारण बारिश के दिनों में पानी टपकता था। बरसात के दौरान परिवार को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। सीमित संसाधनों के कारण परिवार के लिए स्वयं पक्का मकान बनाना आसान नहीं था।

‘मोर जमीन-मोर मकान’ ने दिखाई नई राह- वर्ष 2018 में नगर पंचायत भोपालपटनम के अधिकारियों एवं प्रधानमंत्री आवास योजना की टीम के माध्यम से ईमला आलम को योजना के बीएलसी घटक अंतर्गत ‘मोर जमीन-मोर मकान’ के तहत नया पक्का आवास बनाने की जानकारी मिली। योजना की जानकारी मिलने के बाद उनका आवेदन भरवाकर शासन को प्रस्ताव भेजा गया। आवास की स्वीकृति मिलने के बाद नगर पंचायत एवं योजना से जुड़े अमले ने मकान निर्माण की प्रक्रिया में आवश्यक मार्गदर्शन दिया। स्थानीय मजदूरों एवं मिस्त्रियों के सहयोग से ईमला ने धीरे-धीरे अपने मकान का निर्माण पूरा कराया।

जिस घर की कभी कल्पना नहीं की, आज उसी में सुकून से रह रहा परिवार- 

ईमला बताती हैं कि उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि उनका अपना पक्का मकान होगा। वर्षों तक कच्चे घर में रहने के बाद आज पक्की छत के नीचे परिवार के साथ सुरक्षित और सुकूनभरा जीवन बिताना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। अब बारिश का मौसम उनके लिए चिंता लेकर नहीं आता। पक्का मकान मिलने से परिवार को सुरक्षा और सुविधा के साथ सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर मिला है। अपने नए आवास को लेकर ईमला और उनका परिवार बेहद खुश है।ईमला आलम ने पक्के आवास का सपना साकार होने पर प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रति प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री, राज्य शासन तथा नगर पंचायत भोपालपटनम के प्रति आभार व्यक्त किया है।

About The Author