आंगन मिलन सेवा समारोह में गूंजा सुपोषण का संदेश
बीजापुर, 01 अक्टूबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना भैरमगढ़ के सेक्टर भैरमगढ़ स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र भैरमगढ़-01 में ‘आंगन मिलन सेवा समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और सामुदायिक सहभागिता का संदेश देते हुए विभिन्न जागरूकता एवं मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम में पूर्व वन मंत्री श्री महेश गागड़ा जनपद उपाध्यक्ष श्री जितेन्द्र कुमार लेकाम वार्ड पार्षद श्री जोगेश्वर देवांगन वरिष्ठ नागरिक श्री घसीराम नाग,वार्ड पार्षद श्री राधेश्वर सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
‘बच्चे का पहला स्कूल आंगनबाड़ी’ – श्री महेश गागड़ा पूर्व मंत्री श्री महेश गागड़ा ने कहा कि बच्चे का पहला स्कूल आंगनबाड़ी है। बचपन में बेहतर पोषण मिलने से स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज की मजबूत नींव तैयार होती है। उन्होंने माताओं को सशक्त बनाने के लिए संचालित महतारी वंदन सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
नन्हे मयान का हुआ अन्नप्राशन, पौष्टिक थाली ने खींचा ध्यान- समारोह का विशेष आकर्षण 7 माह के बालक मयान कवासी का अन्नप्राशन संस्कार रहा। पूर्व मंत्री श्री महेश गागड़ा ने बालक का अन्नप्राशन कराया और उसके स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में स्थानीय स्तर पर उपलब्ध अनाज एवं खाद्य सामग्रियों से तैयार पौष्टिक थाली का प्रदर्शन कर महिलाओं को संतुलित आहार और बच्चों के समुचित पोषण के महत्व की जानकारी दी गई। वहीं न्योता भोज के माध्यम से सामुदायिक सहभागिता के साथ बच्चों को पौष्टिक भोजन कराया गया।
रोचक प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने दिखाई प्रतिभा- महिलाओं के लिए मेहंदी, गुब्बारा फुलाने, दाल-चावल पृथक्करण और कुर्सी दौड़ जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी प्रतिभा, कौशल और एकाग्रता का प्रदर्शन किया। महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं ने अपने अनुभव भी साझा किए।
उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला ‘पोषण शक्ति सम्मान’- पोषण एवं आंगनबाड़ी सेवाओं में उल्लेखनीय योगदान के लिए सुश्री शोभा पेंजाम, श्रीमती अनिता यादव एवं श्रीमती सावित्री नाग को ‘पोषण शक्ति सम्मान’ से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का भी सम्मान कर उनके कार्यों की सराहना की गई। आंगन मिलन सेवा समारोह में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, मितानिन, महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं सहित बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं ने सहभागिता की। आयोजन ने ‘सुपोषित बच्चा-सशक्त माता-स्वस्थ परिवार’ के संदेश के साथ आंगनबाड़ी केन्द्र को पोषण जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता के मंच के रूप में प्रस्तुत किया।