कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने ग्राम भोदा में शासकीय उचित मूल्य दुकान एवं अटल डिजिटल सुविधा

कवर्धा, 01 अक्टूबर 2026/sns/-कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने बुधवार को आदिवासी बाहुल बोड़ला विकासखंड के प्रवास के दौरान ग्राम भोदा में शासकीय उचित मूल्य की दुकान एवं अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मौके पर उपस्थित ग्रामीणों एवं हितग्राहियों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं तथा शासकीय सेवाओं के संबंध में जानकारी ली।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने शासकीय उचित मूल्य की दुकान का निरीक्षण करते हुए उपलब्ध राशन एवं खाद्यान्न सामग्री का अवलोकन किया। उन्होंने दुकान में राशन की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। कलेक्टर ने उचित मूल्य दुकान के कर्मचारियों को निर्देशित किया कि हितग्राहियों को शासन द्वारा निर्धारित मात्रा एवं गुणवत्ता के अनुसार समय पर राशन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने राशन वितरण में पारदर्शिता एवं हितग्राहियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

अटल डिजिटल सुविधा केंद्र में  सेवाओं की ली जानकारी

कलेक्टर ने परिसर में संचालित अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र संचालक से आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने केंद्र के माध्यम से प्रदान की जा रही सेवाओं तथा ऑनलाइन ट्रांजैक्शन की प्रक्रिया का भी अवलोकन किया। कलेक्टर ने केंद्र में शासकीय सेवाओं का लाभ लेने पहुंचे ग्रामीणों से भी बातचीत की तथा उन्हें डिजिटल माध्यम से उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी दी।

किसानों से चर्चा कर एग्रीस्टैक में पंजीयन के लिए किया प्रेरित

निरीक्षण के दौरान अटल डिजिटल सुविधा केंद्र में एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीयन कराने पहुंचे किसानों से कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने बातचीत की। उन्होंने किसानों से उनकी कृषि संबंधी जानकारी ली तथा शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए एग्रीस्टैक पोर्टल में अनिवार्य रूप से पंजीयन कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पात्र किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके, इसके लिए आवश्यक पंजीयन एवं दस्तावेजी प्रक्रिया पूर्ण रखना जरूरी है। इस दौरान एसडीएम श्री आशुतोष शर्मा, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author