स्वच्छता ही सेवा अभियान: ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अंतर्गत जिला पंचायत में चला स्वच्छता अभियान
मुंगेली, 01 अक्टूबर 2026/sns/- स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ कार्यक्रम के तहत आज जिला पंचायत परिसर में स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री श्रीकांत पांडेय, उपाध्यक्ष, सभापति एवं जिला पंचायत सदस्यों सहित मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे एवं जिला पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी और स्टाफ ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों ने एक साथ श्रमदान करते हुए जिला पंचायत परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता कार्य किया। इस दौरान परिसर की साफ-सफाई, कचरा संग्रहण एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए आवश्यक गतिविधियां की गईं। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जब जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और आम नागरिक एकजुट होकर स्वच्छता के लिए श्रमदान करते हैं, तो इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर देते हुए कहा कि स्वच्छ परिसर और स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की आधारशिला है। उन्होंने सभी से अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
सीईओ जिला पंचायत ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जागरूकता, जिम्मेदारी और जनभागीदारी को मजबूत करना है। उन्होंने अधिकारी-कर्मचारियों से स्वच्छता गतिविधियों को निरंतर बनाए रखने तथा स्वच्छता के संदेश को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने की बात कही। ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ कार्यक्रम के तहत आयोजित श्रमदान ने स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी की भावना को मजबूत किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारी-कर्मचारियों की सहभागिता ने स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ मुंगेली के निर्माण का सकारात्मक संदेश दिया।