पंजीकृत निर्माण एवं असंगठित श्रमिकों के ई-केवाईसी के लिए ग्राम पंचायतों में लगेंगे शिविर
मुंगेली, 01 अक्टूबर 2026/sns/- छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल एवं छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल के अंतर्गत पंजीकृत निर्माण एवं असंगठित श्रमिकों की सुविधा के लिए जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में आधार आधारित ई-केवाईसी शिविरों का आयोजन किया जाएगा। श्रम विभाग द्वारा यह अभियान श्रमिकों के पंजीयन विवरण को आधार अभिलेखों के अनुरूप अद्यतन करने तथा उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुगमता से दिलाने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है।
श्रम पदाधिकारी ने बताया विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए ई-केवाईसी आवश्यक है। कई पंजीकृत श्रमिकों के आधार एवं श्रम पंजीयन में नाम, जन्मतिथि एवं लिंग संबंधी जानकारी में अंतर पाया जाता है। ऐसे श्रमिकों की जानकारी का आधार कार्ड के अभिलेखों के अनुसार सत्यापन एवं आवश्यक संशोधन शिविर के माध्यम से किया जाएगा। श्रमिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 05 एवं 06 अक्टूबर को विकासखंड पथरिया के ग्राम भटगांव, विकासखंड लोरमी के ग्राम झाफल तथा विकासखंड मुंगेली के ग्राम कंतेली में शिविर आयोजित होंगे। इसी प्रकार 07 एवं 08 अक्टूबर को पथरिया के ग्राम सिलतरा, लोरमी के ग्राम सेमरिया तथा मुंगेली के ग्राम बोधापारा में शिविर लगाए जाएंगे। वहीं 09 एवं 10 अक्टूबर को विकासखंड पथरिया के ग्राम डांड़गांव, लोरमी के ग्राम मोहतरा कुर्मी तथा मुंगेली के ग्राम जमकोर में ई-केवाईसी शिविर का आयोजन किया जाएगा।