स्वच्छता ही सेवा अंतर्गत चला स्वच्छता अभियान
मुंगेली, 02 अक्टूबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर स्वच्छ भारत दिवस के अंतर्गत आज जिले में व्यापक स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और स्वच्छ एवं सुंदर शहर के निर्माण में सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पुराना बस स्टैंड स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा के समक्ष साफ-सफाई से हुई। इसके पश्चात जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी स्टेडियम परिसर स्थित पुष्पवाटिका, अमर जवान, मैदान एवं चौपाटी क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने स्वयं श्रमदान करते हुए स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अटल परिसर की साफ-सफाई की और लोगों को सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने एक पेड़ मां के नाम के तहत वृक्षोरापण कर पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया। इस अवसर पर विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो, अपर कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे, नगर पालिका अध्यक्ष श्री रोहित शुक्ला, जनपद पंचायत मुंगेली अध्यक्ष श्री रामकमल सिंह परिहार, जिलाध्यक्ष श्री दीनानाथ केशरवानी, श्री शैलेष पाठक सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
विधायक श्री मोहले ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई, कचरे का उचित निपटान और स्वच्छता संबंधी आदतों को अपनाकर शहर एवं जिले को स्वच्छ और सुंदर बनाने में प्रत्येक व्यक्ति महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने, स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्तर पर स्वच्छता अपनाने की शपथ दिलाई। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य गांव में गंदे एवं कचरा ढेर जमा स्थान के साथ ही साफ-सफाई सार्वजनिक स्थलों की साफ सफाई के साथ-साथ आमजनों में स्वच्छता के प्रति जन जागरूकता फैलाना है।
कलेक्टर ने कहा कि स्वच्छता सिर्फ एक अभियान नहीं, बल्कि सोच और जीवनशैली का हिस्सा होनी चाहिए। उन्होंने जिलेवासियों से अपील किया कि वे अपने घर, गली, मोहल्ला, गांव और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम के समापन में स्वच्छता दीदीयों सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं को वृक्षारोपण सहित स्वच्छता कार्य के लिए प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।