जिले में छूटे एवं नए पात्र मतदाताओं के पंजीयन के लिए चलेगा विशेष अभियान
मुंगेली, 02 अक्टूबर 2026/sns/- भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशों के अनुपालन में मुंगेली जिले में छूटे हुए एवं नए पात्र युवा मतदाताओं के पंजीयन के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य ऐसे पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करना है, जो अब तक पंजीकृत नहीं हो पाए हैं। इसके साथ ही पहली बार मतदाता बनने की पात्रता प्राप्त कर चुके युवाओं को भी मतदाता सूची से जोड़ने की प्रक्रिया को सुगम बनाया जाएगा। अभियान के अंतर्गत बीएलओ द्वारा घर-घर भ्रमण कर पात्र नागरिकों की जानकारी ली जाएगी तथा मतदाता सूची के निरंतर अद्यतनीकरण की प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। निर्वाचन आयोग के अनुसार पात्र भारतीय नागरिक, जो निर्धारित अर्हता पूरी करते हैं, मतदाता सूची में पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार अभियान के माध्यम से यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा कि जिले का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में पंजीकरण से वंचित न रहे। नागरिकों की सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग से मतदाता सूची को अधिक अद्यतन एवं समावेशी बनाने में सहायता मिलेगी। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके तथा निर्धारित अर्हता पूरी करने वाले युवा एवं पहली बार मतदाता बनने वाले नागरिक इस अभियान का लाभ उठा सकते हैं। निर्वाचन आयोग के अनुसार मतदाता पंजीयन के लिए नागरिक ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं। मतदाता सूची में नए नाम के पंजीयन के लिए पात्र नागरिक ईसीआईनेट मोबाइल एप अथवा निर्वाचन आयोग के मतदाता सेवा पोर्टल वोटर्स.ईसीआई.जीओव्ही.इन के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म-6 भर सकते हैं। मतदाता संबंधी सहायता के लिए निर्वाचन आयोग की 1950 हेल्पलाइन का भी उपयोग किया जा सकता है।