जिला पंचायत कार्यालय परिसर में अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया स्वच्छता श्रमदान
अम्बिकापुर, 02 अक्टूबर 2026/sns/- कलेक्टर श्री अजीत वसंत के मार्गदर्शन में “स्वच्छता ही सेवा अभियान” के तहत जिला पंचायत कार्यालय एवं आसपास के परिसर में सामुदायिक स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। “सेवा संकल्प अभियान-सेवा मेरा योगदान” की भावना के साथ आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ सुश्री रोमा श्रीवास्तव सहित कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस दौरान सभी ने मिलकर कार्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की तथा स्वच्छ और सुंदर परिवेश बनाए रखने का संदेश दिया। श्रमदान के माध्यम से अधिकारियों-कर्मचारियों ने स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
जिला पंचायत सीईओ सुश्री रोमा श्रीवास्तव ने स्वच्छता के लिए सामूहिक सहभागिता को महत्वपूर्ण बताते हुए कार्यालय और आसपास के वातावरण को नियमित रूप से साफ-सुथरा रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर स्वच्छता में योगदान दे तो बेहतर और स्वच्छ परिवेश का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम के माध्यम से “सेवा मेरा योगदान” की भावना को आगे बढ़ाते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूकता, जिम्मेदारी और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।