मेरे सपनों का भारतर 3 अक्टूबर को पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में होगा जिला स्तरीय कार्यक्रम
अम्बिकापुर, 02 अक्टूबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 3 अक्टूबर को पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम अंबिकापुर में जिला स्तरीय मेरे सपनों का भारत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। ‘सेवा और समर्पण के 25 वर्ष-जन सेवा से देश सेवा’ की थीम पर आयोजित कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकास खंडों से छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं नागरिक शामिल होंगे। कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री श्री राजेश अग्रवाल शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरगुजा लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री चिंतामणि महाराज करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज, सीतापुर विधायक श्री रामकुमार टोप्पो, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंहदेव, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर, नगर पालिक निगम अम्बिकापुर की महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीरूपा सिंह, नगर पालिक निगम अम्बिकापुर के सभापति श्री हरमिंदर सिंह टिन्नी तथा जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री देवनारायण यादव उपस्थित रहेंगे।
‘ओजस्वी भारत’ पत्रिका का होगा विमोचन
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा विभाग सरगुजा की पत्रिका ‘ओजस्वी भारत’ का विमोचन किया जाएगा। पत्रिका के माध्यम से शिक्षा विभाग की उपलब्धियों और रचनात्मक गतिविधियों को प्रस्तुत किया गया है। इसके साथ ही विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से विभिन्न रचनात्मक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार झा ने बताया कि कलेक्टर श्री अजीत वसंत के मार्गदर्शन में कार्यक्रम की तैयारियां की गई हैं। जिले के विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थाओं को विभिन्न गतिविधियों से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं में सेवा, सहभागिता और सामाजिक दायित्व की भावना को प्रोत्साहित करने के साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान किया जाएगा।
रंगोली, निबंध और चित्रकला के विजेता दिखाएंगे प्रतिभा
कार्यक्रम में सेवा संकल्प अभियान की थीम एवं सामाजिक संदेश पर आधारित नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। जिला स्तरीय रंगोली, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं में विभिन्न विकासखंडों से प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। भाषा एवं वक्तृत्व कला से संबंधित गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुस्तक दान महाअभियान के अंतर्गत जिला ग्रंथालय के माध्यम से पुस्तकों का संकलन एवं वितरण किया जाएगा। वहीं विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए विज्ञान प्रदर्शनी (इंस्पायर अवॉर्ड) लगाई जाएगी, जिसमें अम्बिकापुर सहित विभिन्न विकासखंडों से चयनित विज्ञान मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे।
उल्लास स्वयंसेवकों का होगा सम्मान, टीएलएम की लगेगी प्रदर्शनी
उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत साक्षरता अभियान में योगदान देने वाले उल्लास स्वयंसेवकों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। मतदाता जागरूकता कार्यक्रम स्वीप के अंतर्गत लोकतंत्र एवं मतदान के महत्व पर केंद्रित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी और पुरस्कार वितरण किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में आकर्षक लाइट एंड साउंड शो की प्रस्तुति होगी, जो जिला स्तरीय आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा।