आंगन मिलन कार्यक्रम के तहत कैलाश नगर में पोषण और स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक

दुर्ग, 03 अक्टूबर 2026/sns/-सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कैलाश नगर-01 आंगनवाड़ी केंद्र में आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व महापौर श्रीमती चंद्रिका चंद्राकर, वार्ड-19 की पार्षद श्रीमती रंजीता पाटील, वार्ड-20 की पार्षद श्रीमती सावित्री दमाहे, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री अजय साहू, परियोजना अधिकारी श्रीमती अनीता सिंह तथा चाइल्ड हेल्पलाइन से श्री चंद्रप्रकाश पटेल सहित बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। महिलाओं के लिए कुर्सी दौड़ एवं मेहंदी प्रतियोगिता तथा बच्चों के लिए मेंढक दौड़ और कुर्सी दौड़ का आयोजन किया गया। साथ ही स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता आयोजित की गई। गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री अजय साहू ने पोषण एवं स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बच्चों और महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए संतुलित आहार एवं स्वच्छता अपनाने पर जोर दिया। अतिथियों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए महिलाओं और बच्चों को प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को उपहार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

About The Author