आंगनबाड़ी केंद्र न्यू मार्केट में ’आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम संपन्न-बाल कल्याण

03 अक्टूबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के न्यू मार्केट के पास स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में ’आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर जन प्रतिनिधियों एवं विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में बच्चों के सर्वांगीण विकास, बाल कल्याण तथा सामाजिक जागरूकताओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया गया। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में पार्षद कंचन सिंह, पार्षद सरिता देवांगन, श्रीमती तृप्ति चंद्राकर, स्थानीय पार्षद चंद्र प्रकाश निगम तथा पार्षद ममता सिन्हा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
आयोजन के दौरान बच्चों के बौद्धिक एवं रचनात्मक विकास के लिए चित्रकला, रंगोली एवं व्यंजन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसके साथ ही, बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ’स्वस्थ बालक प्रतियोगिता’ का आयोजन कर विजेता बच्चों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के लिए खिलौने भी दान किए गए। सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन और जन-जागरूकता अभियान के तहत कार्यक्रम में उपस्थित सभी नागरिकों को ’बाल विवाह निषेध’ की शपथ दिलाई गई। साथ ही, उपस्थित माताओं से अपनी बेटियों का विवाह न्यूनतम 18 वर्ष एवं बेटों का विवाह न्यूनतम 21 वर्ष की आयु पूर्ण होने के पश्चात ही करने की अपील की गई। कार्यक्रम के अंतिम चरण में क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिन बहनों को सम्मानित कर उनकी सेवाओं की सराहना की गई।

About The Author