सेवा संकल्प अभियान: जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित

मुंगेली, 03 अक्टूबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों में रचनात्मकता, अभिव्यक्ति क्षमता, सामाजिक सरोकार एवं देश के भविष्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, दाउपारा में जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विकासखंड पथरिया, लोरमी एवं मुंगेली के विभिन्न विद्यालयों से कुल 120 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। चित्रकला प्रतियोगिता में प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला स्तर से 30 तथा हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्तर से 30 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। इसी प्रकार भाषण प्रतियोगिता में भी प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला स्तर से 30 तथा हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्तर से 30 विद्यार्थी शामिल हुए। इस प्रकार चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में कुल 120 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में लगभग 80 प्रतिशत छात्राओं एवं 20 प्रतिशत छात्रों की सहभागिता रही, जो विद्यार्थियों में रचनात्मक एवं बौद्धिक गतिविधियों के प्रति बढ़ती रुचि को दर्शाता है।

‘मेरे सपनों का भारत’ सहित विभिन्न विषयों पर रचनात्मक अभिव्यक्ति

जिला शिक्षा अधिकारी श्री एम.एल.पटेल ने बताया कि प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न समसामयिक एवं सामाजिक विषयों पर अपनी कल्पनाशीलता और विचारों को चित्रों एवं भाषण के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रमुख विषयों में ‘मेरे सपनों का भारत’, स्वच्छता, नक्सलवाद, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल इंडिया, सेवा का शौर्य, नया कश्मीर एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता का प्रभाव शामिल रहे। चित्रकला के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने सपनों के भारत की कल्पना, स्वच्छ एवं सुंदर समाज, महिला सशक्तिकरण तथा तकनीकी प्रगति जैसे विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने समसामयिक विषयों पर अपने विचार व्यक्त करते हुए अपनी अभिव्यक्ति क्षमता, तार्किक सोच एवं आत्मविश्वास का परिचय दिया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ देश, समाज और भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सोचने एवं अपने विचार व्यक्त करने का अवसर मिला। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, सामाजिक जागरूकता, देश के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने का कार्य किया। इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक श्री अशोक सोनी, प्राचार्य श्रीमती लीला श्रीवास्तव, सहायक परियोजना समन्वयक सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

About The Author