मैनपाट से जीवन बचाने का संदेश: प्रशिक्षणार्थियों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान सेवा
अम्बिकापुर, 03 अक्टूबर 2026/sns/- किसी जरूरतमंद के लिए समय पर उपलब्ध रक्त जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी मानवीय भावना को जनसहभागिता से जोड़ते हुए भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, जिला शाखा सरगुजा द्वारा पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (पीटीएस), मैनपाट में स्वैच्छिक रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित एक माह अवधि के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के दौरान आयोजित इस शिविर में प्रशिक्षणार्थियों एवं अन्य प्रतिभागियों द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान के लिए उत्साहपूर्वक सहभागिता की गई। शिविर में 110 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान के लिए पंजीयन कराया।
रक्तदान के प्रति प्रशिक्षणार्थियों की सहभागिता यह संदेश देती है कि समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर युवाओं की पहल किसी जरूरतमंद के लिए महत्वपूर्ण सहायता बन सकती है। स्वैच्छिक रक्तदान केवल रक्त देने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि आवश्यकता के समय किसी अन्य व्यक्ति के जीवन के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का माध्यम भी है।
कार्यक्रम को पुलिस महानिरीक्षक, सरगुजा रेंज, श्री दीपक कुमार झा का मार्गदर्शन एवं सहयोग प्राप्त हुआ। वहीं कलेक्टर एवं अध्यक्ष, भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, जिला शाखा सरगुजा, श्री अजित वसंत के मार्गदर्शन में जिला शाखा द्वारा शिविर के आयोजन एवं समन्वय की कार्यवाही की गई।
शिविर में प्रशिक्षणार्थियों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने में पुलिस प्रशिक्षण केंद्र, मैनपाट के पुलिस अधीक्षक डॉ. राजेंद्र प्रसाद भैया, मुख्य ड्रिल प्रशिक्षक श्री रोशन दहल एवं श्री कन्हैया यादव की सक्रिय भूमिका रही। उनके द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को रक्तदान के महत्व की जानकारी देते हुए स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रोत्साहित किया गया। उनके मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन से प्रशिक्षणार्थियों में रक्तदान के प्रति सकारात्मक सहभागिता देखने को मिली।
भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा रक्तदान, नेत्रदान, अंगदान, देहदान एवं मानवीय सेवा से संबंधित गतिविधियां निरंतर संचालित की जाती हैं। सेवा संकल्प अभियान की अवधि में आयोजित यह शिविर इसी निरंतर सेवा-कार्य का एक हिस्सा रहा, जिसके माध्यम से रक्तदान के प्रति जागरूकता एवं सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर “रक्तदान महादान दृ अंगदान जीवनदान” का संदेश भी दिया गया।
रक्त संग्रहण संबंधी कार्यवाही राजमाता श्रीमती देवेन्द्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, अंबिकापुर से संबद्ध ब्लड सेंटर की चिकित्सा एवं तकनीकी टीम द्वारा की गई। टीम में डॉ. रवि कमल (पी.जी. चिकित्सक), श्रीमती संध्या सिंह (मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट), श्री राजकुमार मराबी (मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट), श्रीमती अंजुला मिश्रा (काउंसलर), श्रीमती रीता थॉमस (स्टाफ नर्स), श्री मो. अजहर अंसारी (एम्बुलेंस चालक) एवं श्री ओमप्रकाश साहू (वाहन चालक) ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
शिविर के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मैनपाट की टीम द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण की सेवाएं भी प्रदान की गईं। स्वास्थ्य दल में श्री अमित तिवारी, आरएमए (दल प्रभारी), सुश्री सोनम लकड़ा, सीएचओ, श्रीमती जेसिंटा खलखो, एएनएम, श्री के.पी. नेताम, श्री भानु प्रताप सिंह, श्री संकेत यादव एवं श्री मुनेश्वर शामिल रहे।
कार्यक्रम में पुलिस प्रशिक्षण केंद्र, मैनपाट के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे तथा आयोजन के सफल संचालन में सहयोग प्रदान किया। पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी के समन्वित प्रयास से आयोजित इस शिविर के माध्यम से स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता, सामाजिक जिम्मेदारी एवं जनसहभागिता का संदेश दिया गया।
भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, जिला शाखा सरगुजा द्वारा नागरिकों, युवाओं एवं विभिन्न संस्थाओं से अपील की जाती है कि वे अपनी स्वास्थ्य स्थिति एवं चिकित्सकीय पात्रता के अनुरूप स्वैच्छिक रक्तदान से जुड़ें और इस मानवीय सेवा को जनभागीदारी का स्थायी हिस्सा बनाने में अपना योगदान दें।