सारंगढ़ में खेल और शिक्षा को मिली नई सौगात, सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड और डाइट कॉलेज की घोषणा
सारंगढ़ में खेल और शिक्षा को मिली नई सौगात, सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड और डाइट कॉलेज की घोषणा
26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, पांच संभागों के 330 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने की घोषणा, प्रभारी मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने खिलाड़ियों में भरा उत्साह
शिक्षा मंत्री श्री यादव ने सारंगढ़ में सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड और डाइट कॉलेज प्रारंभ करने की घोषणा की
सारंगढ़–बिलाईगढ़, 04 अक्टूबर 2026। सारंगढ़ की धरती पर खेल प्रतिभा, उत्साह और खेल भावना के संगम के साथ रविवार को 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। जिले के प्रभारी एवं राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव और सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री श्री यादव ने जिले में खेल एवं शिक्षा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए सारंगढ़ में सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड और डाइट कॉलेज प्रारंभ करने की घोषणा की। उन्होंने जिले में नवोदय विद्यालय और केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से संबंधित प्रस्ताव आगे की प्रक्रिया में होने की जानकारी देते हुए स्कूल भवन निर्माण, अधोसंरचना विकास एवं आवश्यक मरम्मत कार्यों के लिए सहयोग का भरोसा दिलाया।
खेलभांठा मैदान सारंगढ़ में 4 से 7 अक्टूबर तक आयोजित चार दिवसीय प्रतियोगिता में बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा संभाग के कुल 330 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में फुटबॉल बालक 14 वर्ष, सॉफ्टबॉल बालक एवं बालिका 17 वर्ष तथा क्रिकेट बालिका 17 वर्ष की स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। उद्घाटन समारोह में सारंगढ़ विधायक श्रीमती उत्तरी गणपत जांगड़े, बिलाईगढ़ विधायक श्रीमती कविता प्राण लहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण जांगड़े, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी बंजारे, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री अजय जवाहर नायक, श्रीमती ज्योति पटेल एवं श्री सुभाष जलान सहित अन्य जनप्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहे।
खेल व्यक्तित्व निर्माण के साथ विविधता को एकता में जोड़ने का माध्यम:—शिक्षा मंत्री
मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने प्रदेश के विभिन्न संभागों से पहुंचे खिलाड़ियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि जीतने के लिए सबसे पहले मैदान में उतरना आवश्यक है। जब तक हम खेलेंगे नहीं, तब तक जीतने की संभावना भी नहीं बनेगी। खेल में हार और जीत स्वाभाविक है, इसलिए जीत पर अत्यधिक उत्साहित और हार पर निराश होने के बजाय निरंतर बेहतर प्रदर्शन का प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के संपूर्ण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेल भी उतना ही आवश्यक है। खेल शरीर को स्वस्थ और मजबूत बनाने के साथ आत्मविश्वास, अनुशासन तथा मानसिक एवं बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अपनी रुचि के किसी न किसी खेल को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।
शिक्षा मंत्री श्री यादव ने कहा कि बस्तर, सरगुजा, रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग सहित प्रदेश के अलग-अलग अंचलों से खिलाड़ी सारंगढ़ पहुंचे हैं। ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के साथ एक-दूसरे की संस्कृति, भाषा, रहन-सहन और जीवनशैली को समझने का अवसर मिलता है। छत्तीसगढ़ की विविधता उसकी विशेषता है और खेल इस विविधता को एकता के सूत्र में जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन और खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
हार से सीखें, जीत का अहंकार न करें:—प्रभारी मंत्री श्री टंकराम वर्मा
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिले के प्रभारी एवं राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने कहा कि 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले को मिलना गौरव की बात है। उन्होंने इसके लिए स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सांसद, विधायकगण, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, शिक्षकों और प्रदेश के विभिन्न संभागों से पहुंचे खिलाड़ियों का स्वागत किया।
श्री वर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीवन में खेल का विशेष महत्व है। “खेलोगे तो जीतोगे, खेलोगे तो हारोगे, लेकिन नहीं खेलोगे तो केवल देखते रह जाओगे।” हार और जीत खेल का हिस्सा है, इसलिए मैदान में उतरना और पूरे आत्मविश्वास से प्रयास करना सबसे महत्वपूर्ण है। खेल प्रतिभा के प्रदर्शन के साथ अनुशासन, मर्यादा, आपसी भाईचारा और मित्रता की भावना को भी मजबूत करता है।
उन्होंने कहा कि हार मिलने पर निराश और हताश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बेहतर करने का प्रयास करना चाहिए, वहीं विजेता खिलाड़ियों को भी जीत का अहंकार नहीं करना चाहिए। कठिन परिस्थितियों में भी प्रयास नहीं छोड़ने वाले व्यक्ति ही जीवन में आगे बढ़ते हैं। उन्होंने प्रेरक पंक्तियों “लहरों से डरकर नौका पार नहीं होती, कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती” का उल्लेख करते हुए खिलाड़ियों को सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
शिक्षा के साथ नवाचार और आधुनिक सुविधाओं की ओर बढ़ रहा जिला:—कलेक्टर
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि आज का दिन सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले के लिए गौरव का अवसर है। जिले को राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। उन्होंने मंत्रीगण, सांसद, विधायकगण, जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और मीडिया प्रतिनिधियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए बताया कि जिला प्रशासन द्वारा खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन एवं खेल गतिविधियों के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
कलेक्टर ने जिले की शैक्षणिक उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि पिछले तीन वर्षों में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणामों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। जिले के तीन विद्यार्थियों ने प्रदेश की शीर्ष-10 प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए नीट सहित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु कोचिंग सुविधा प्रारंभ की जा रही है, जिसका आने वाले समय में और विस्तार किया जाएगा।
उन्होंने जिले की शैक्षणिक आवश्यकताओं और जनभावनाओं को सामने रखते हुए केंद्रीय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय तथा सैनिक स्कूल की स्थापना की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा और नवाचार की भावना विकसित करने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित कक्षाओं, रोबोटिक्स कक्षाओं, विज्ञान प्रयोगशालाओं तथा अटल टिंकरिंग लैब जैसी आधुनिक सुविधाओं के विकास की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे ये प्रयास जिले के विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेंगे।
प्रतियोगिता के पहले दिन फुटबॉल बालक 14 वर्ष, सॉफ्टबॉल बालक एवं बालिका 17 वर्ष तथा क्रिकेट बालिका 17 वर्ष के मुकाबलों के साथ खेल स्पर्धाओं का आगाज हुआ। आगामी दिनों में प्रदेश के पांचों संभागों की टीमों के बीच विभिन्न मुकाबले खेले जाएंगे।




