भाटापारा के बोडतरा में ‘सेवा सेतु’ शिविर: सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मंच से ही अफसरों को तलब कर ली शिकायतों की क्लास, क्षेत्र को दी करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात
प्रेस विज्ञप्ति
भाटापारा के बोडतरा में ‘सेवा सेतु’ शिविर: सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मंच से ही अफसरों को तलब कर ली शिकायतों की क्लास, क्षेत्र को दी करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात
शिविर में जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, कागजों में नहीं धरातल पर दिखे समाधान: बृजमोहन अग्रवाल
बोडतरा में महतारी सदन, बालिका शौचालय और अटल डिजिटल केंद्र समेत ब्लॉक की सभी 20 पंचायतों को 10-10 लाख रुपये की विकास निधि की घोषणा
रायपुर/ भाटापारा
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प’ माह के तहत भाटापारा विकासखंड की ग्राम पंचायत बोडतरा में शनिवार को विशाल ‘सेवा सेतु अभियान शिविर’ का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर लोकसभा सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल शामिल हुए।
इस दौरान उन्होंने मंच से ही पुलिस, राजस्व, आबकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को तलब कर जनता से मिली शिकायतों की स्थिति पूछी और अफसरों को दो-टूक हिदायत दी कि ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि मौके पर ठोस समाधान नजर आना चाहिए।
शिविर को अपने चिरपरिचित अंदाज में संबोधित करते हुए सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि, जनता की सेवा ही उनका एकमात्र संकल्प है। शासन की मंशा है कि आम नागरिक, किसान और गरीब को अपने छोटे-छोटे कामों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, इसीलिए पूरा प्रशासनिक अमला खुद गांव की चौपाल पर आकर बैठा है। स्वास्थ्य, राजस्व, पंचायत, स्वच्छता और पुलिस से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनता से सीधे जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
क्षेत्र के विकास के लिए बड़ी घोषणाएं
इस अवसर पर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने ग्राम पंचायत बोडतरा सहित पूरे ब्लॉक के लिए कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की घोषणा की:
*ग्राम बोडतरा में सामुदायिक भवन का निर्माण।
*20 लाख रुपये की लागत से ‘महतारी सदन’ का निर्माण।
*बालिकाओं की सुविधा हेतु 5 लाख रुपये की लागत से बालिका शौचालय निर्माण।
*7 लाख रुपये की लागत से ‘अटल डिजिटल सुविधा केंद्र’ की स्थापना।
*इसके साथ ही ब्लॉक की सभी 20 ग्राम पंचायतों में बुनियादी विकास कार्यों के लिए 10-10 लाख रुपये देने की बड़ी घोषणा की।
शिविर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को सहायता राशि, सामग्री व प्रमाण पत्रों का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक श्री शिवरतन शर्मा, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्री अश्विनी शर्मा, जनपद अध्यक्ष श्री प्रदीप अनन्त, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ), स्थानीय जनप्रतिनिधि श्री अमर मंडावी, राकेश तिवारी, सविता अनन्त, भोलाराम वर्मा, पवन वर्मा, आशीष जायसवाल, सुनील यदु, महाबल बघेल, डब्लू ठाकुर, मोहन पिण्डे सहित प्रशासनिक अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।





