सेवा की कहानीः मातृत्व वंदना से ममता को मिला पोषण और स्वास्थ्य का संबल
अम्बिकापुर, 04 अक्टूबर 2026/sns/- गर्भावस्था के दौरान सही पोषण, नियमित देखभाल और समय पर मिलने वाली आर्थिक सहायता मां और बच्चे के बेहतर स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण होती है। शासन की प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और आंगनबाड़ी केंद्र से मिलने वाली सेवाएं गर्भवती महिलाओं को इसी दिशा में सहारा दे रही हैं। योजना का लाभ लेने वाली ममता बनवासी के लिए भी पहली गर्भावस्था के दौरान मिली सहायता अपने और बच्चे के स्वास्थ्य एवं पोषण की देखभाल में उपयोगी साबित हुई।
अम्बिकापुर विकासखंड के ग्राम पंचायत सकालो की रहने वाली श्रीमती ममता बनवासी बताती हैं कि पहली बार गर्भवती होने पर उन्हें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के बारे में जानकारी दी। कार्यकर्ता के मार्गदर्शन में उन्होंने योजना का आवेदन भरा और आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद उन्हें योजना के तहत दो किश्तों में कुल 5 हजार रुपए की सहायता राशि प्राप्त हुई।
’सहायता राशि से स्वास्थ्य और बच्चे की देखभाल में मिली मदद’
ममता ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान प्राप्त सहायता राशि का उपयोग उन्होंने अपने स्वास्थ्य और बच्चे की देखभाल के लिए किया। आर्थिक सहायता मिलने से इस महत्वपूर्ण समय में स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने में उन्हें सहारा मिला। ममता के अनुसार आज वे और उनका बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
’आंगनबाड़ी से मिला पोषण और जरूरी मार्गदर्शन’
आर्थिक सहायता के साथ आंगनबाड़ी केंद्र भी ममता के लिए सहयोग का माध्यम बना। उन्हें केंद्र के माध्यम से रेडी-टू-ईट फूड मिला, जिसका उपयोग उन्होंने अपने खानपान और पोषण के लिए किया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया बताने के साथ गर्भावस्था और बच्चे की देखभाल से जुड़ी आवश्यक जानकारी भी दी।
ममता का अनुभव बताता है कि आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से योजना की जानकारी और पोषण सेवाएं पात्र महिलाओं तक पहुंचने से गर्भावस्था के दौरान उन्हें आवश्यक सहयोग मिल रहा है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत मिली आर्थिक सहायता ने भी उनके लिए मातृत्व के शुरुआती दौर में स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने में मदद की।
योजना से मिले लाभ पर ममता बनवासी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं से उन्हें कई सुविधाओं का लाभ मिल रहा है और मातृत्व वंदना योजना से मिली सहायता उनके तथा बच्चे की देखभाल में मददगार बनी।