शासकीय नवीन महाविद्यालय बोरी में विद्यार्थियों को दिया गया कौशल एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण

दुर्ग, 04 अक्‍टूबर 2026/sns/- शासकीय नवीन महाविद्यालय, बोरी के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा विद्यार्थियों को रोजगारपरक कौशल प्रदान करने के उद्देश्य से  विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नांदी फाउंडेशन के श्री प्रतीक ताटोडे ने विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
प्राचार्य शासकीय नवीन महाविद्यालय बोरी से प्राप्त जानकारी अनुसार प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को व्यक्तित्व विकास, लक्ष्य निर्धारण, मनी मैनेजमेंट, रिज्यूमे निर्माण, साक्षात्कार की तैयारी, समूह चर्चा, स्मॉल टॉक्स एवं एक्सटेम्पोर, प्रोफेशनल एथिक्स, ई-मेल एटिकेट और प्रोजेक्ट राइटिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।  
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, संचार कौशल, प्रस्तुतीकरण क्षमता तथा रोजगार के लिए आवश्यक व्यावहारिक दक्षताओं का विकास करना रहा।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को रोजगार के उपलब्ध अवसरों, प्रशिक्षण के बाद प्लेसमेंट सहायता तथा भविष्य में ऑनलाइन एवं ऑफलाइन कौशल विकास कार्यक्रमों से जुड़ने के संबंध में भी जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम निःशुल्क आयोजित किया गया तथा प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट सेल की संयोजक डॉ. मीना चक्रवर्ती ने डॉ. समीर जायसवाल, श्री भगवत कुर्रे एवं कु. डीकल महिलवार के सहयोग से किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रीमती कमर तलत ने इस पहल की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से ऐसे कौशल विकास कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण विद्यार्थियों को रोजगार के लिए तैयार करने तथा उनके भविष्य को बेहतर बनाने में सहायक सिद्ध होते हैं।

About The Author