रोशनी, संगीत और नृत्य से जीवंत हुई ‘नमो सेवा गाथा’
अम्बिकापुर, 03 अक्टूबर 2026/sns/- रोशनी, संगीत और नृत्य के समन्वय से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन की अनकही कहानियां आज शासकीय पीजी कॉलेज अंबिकापुर के ऑडिटोरियम में जीवंत हुईं। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शाम 3 बजे आयोजित ‘नमो सेवा गाथा’ पर आधारित लाइट एंड साउंड कार्यक्रम में कलाकारों ने सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े प्रसंगों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। लगभग एक घंटे की इस प्रस्तुति को दर्शकों ने तन्मयता से देखा और प्रेरणास्पद बताते हुए सराहा।
संस्कृति विभाग छत्तीसगढ़ शासन के सहयोग से गुरतुर लोक सेवा संस्थान के 35 प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री मोदी के सेवाकाल से जुड़े विभिन्न पड़ावों को कला और नृत्य के माध्यम से मंच पर उतारा गया। गुजरात भूकंप के दौरान सहायता, कोविड काल में राहत के प्रयास, आतंकवाद के विरुद्ध कार्रवाई, नक्सल उन्मूलन, कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने और सर्जिकल स्ट्राइक जैसे प्रमुख विषयों को प्रस्तुति में शामिल किया गया। इसके साथ ही वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को भी प्रभावी ढंग से दर्शाया गया।
मंच पर बदलते प्रकाश, संगीत और कलाकारों के भावपूर्ण अभिनय ने इन प्रसंगों को आकर्षक स्वरूप दिया। प्रस्तुति में आपदा के समय सहायता और संवेदनशीलता से लेकर राष्ट्र की सुरक्षा तथा विकसित भारत के निर्माण तक की यात्रा को पिरोया गया। सेवा की भावना को केंद्र में रखकर प्रस्तुत इस गाथा ने दर्शकों को जनसेवा और देश के विकास में सहभागिता का संदेश दिया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक की भी आकर्षक प्रस्तुति दी गई। उपस्थित जनों ने कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए ‘नमो सेवा गाथा’ को प्रेरणादायी बताया।
कार्यक्रम में सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज, लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर, नगर पालिक निगम अम्बिकापुर की महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, जिला पंचायत सरगुजा की अध्यक्ष श्रीमती निरूपा सिंह, जिला पंचायत सरगुजा के उपाध्यक्ष श्री देवनारायण यादव, श्री भारत सिंह सिसोदिया उपस्थित थे।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री अजीत वसंत , जिला पंचायत सीईओ सुश्री रोमा श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय प्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं, गणमान्य नागरिक और दर्शक शामिल हुए।