सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम सांवा में लगा सेवा सेतु शिविर

मुंगेली, 05 अक्टूबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड पथरिया के ग्राम सांवा में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री धरमलाल कौशिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत विधायक सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा मां सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, जनपद पंचायत पथरिया की अध्यक्ष श्रीमती चित्रलेखा मनीष जांगड़े, उपाध्यक्ष श्रीमती दीपिका चंद्रशेखर कौशिक, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अम्बालिका साहू, सभापति श्रीमती अनिला देवेंद्र राजपूत एवं पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
विधायक श्री कौशिक ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं और सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय, गैस कनेक्शन, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण करने और उन्हें आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है। विधायक श्री कौशिक ने कहा कि शिविर के माध्यम से राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, नामांतरण, पेंशन सहित विभिन्न सेवाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री कौशिक ने ग्राम सांवा में सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार शासन की प्राथमिकता है। सड़क निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और गांव के विकास को गति मिलेगी।
कार्यक्रम विधायक श्री कौशिक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की पात्रता एवं लाभ लेने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रीमती दुर्गेश्वरी एवं श्रीमती सरिता राजपूत का गोदभराई कार्यक्रम संपन्न कराया गया। वहीं अन्नप्राशन कार्यक्रम के तहत दिव्या एवं ललित साहू का अन्नप्राशन कराया गया। कार्यक्रम में सुपोषण टोकरी का भी वितरण किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। श्रम कल्याण विभाग द्वारा 05 हितग्राहियों को श्रम पंजीयन कार्ड वितरित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 11 हितग्राहियों को आवास की चाबी प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सेवा सेतु शिविर के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड एवं अन्य आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं का लाभ दिया गया। हितग्राहियों को फलदार पौधों का वितरण भी किया गया। नोनी सुरक्षा योजना के तहत 05 हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। महिला स्व-सहायता समूह को चेक प्रदान कर समूह की गतिविधियों को प्रोत्साहित किया गया। मछली पालन विभाग द्वारा हितग्राहियों को मत्स्य जाल एवं एक नग आइस बॉक्स प्रदान किया गया। इससे मत्स्य पालन से जुड़े हितग्राहियों को अपनी आजीविका गतिविधियों को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी। समाज कल्याण विभाग द्वारा पात्र हितग्राहियों को छड़ी, श्रवण यंत्र एवं पेंशन स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक जानकारी भी दी।

About The Author