स्मार्ट क्लास ने ऋषिका की पढ़ाई को बनाया आसान और रोचक
मुंगेली, 05 अक्टूबर 2026/sns/- स्मार्ट क्लास जैसी आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता को बढ़ाने के साथ ही शिक्षा को सरल, सहज, रोचक और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। जिला मुख्यालय स्थित पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल की कक्षा दसवीं की छात्रा ऋषिका के लिए स्मार्ट क्लास की सुविधा पढ़ाई को समझने और सीखने का नया माध्यम बन गई है। आधुनिक तकनीक से जुड़ी इस सुविधा के माध्यम से अब कठिन विषयों को भी चित्र, वीडियो और डिजिटल माध्यम से आसानी से समझने में मदद मिल रही है। ऋषिका ने बताया कि स्मार्ट क्लास की सुविधा मिलने से पढ़ाई के प्रति उसकी रुचि बढ़ी है। पहले कई विषयों को समझने में कठिनाई महसूस होती थी और पढ़ाई को लेकर एक तरह का डर भी रहता था, लेकिन स्मार्ट क्लास के माध्यम से विषयों को रोचक तरीके से समझने का अवसर मिलने से अब पढ़ाई आसान लगने लगी है।
स्मार्ट क्लास में डिजिटल सामग्री, चित्रों एवं वीडियो के माध्यम से विषयों को समझाया जाता है। इससे विद्यार्थियों को केवल किताबों तक सीमित न रहकर विषयों को दृश्य एवं व्यावहारिक तरीके से समझने का अवसर मिलता है। ऋषिका का कहना है कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से कक्षा में पढ़ाए जाने वाले विषय अधिक रोचक लगते हैं और उन्हें याद रखना भी आसान होता है। स्मार्ट क्लास की सुविधा से ऋषिका में पढ़ाई के प्रति सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास बढ़ा है। अब वह कठिन विषयों को लेकर घबराने के बजाय उन्हें समझने और सीखने का प्रयास करती है। यह सुविधा उसके लिए केवल पढ़ाई का माध्यम नहीं, बल्कि आधुनिक शिक्षा के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ने का अवसर बन गई है।