जल जन सेवा संकल्प के तहत ग्राम दुल्लापुर में जल संरक्षण पर जन संवाद सम्पन्न

कवर्धा, 05 अक्टूबर 2026/sns/- शासन के निर्देशानुसार 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘जल जन सेवा संकल्प’ के तहत जल संसाधन विभाग द्वारा जारी कैलेंडर के अनुसार आज विकासखंड पंडरिया अंतर्गत अपर आगर व्यपवर्तन योजना के निकटवर्ती हितग्राही ग्राम दुल्लापुर में जल संरक्षण एवं जल उपयोग को लेकर जन संवाद एवं निरीक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जल संसाधन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कृषकों और ग्रामवासियों के साथ योजना के अंतर्गत सिंचाई कमांड क्षेत्र, नहरों के माध्यम से अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने, जल के समुचित उपयोग तथा नहरों के रख-रखाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने ग्रामीणों को नहर में मिट्टी बांधने तथा नहर बैंक को क्षतिग्रस्त नहीं करने की समझाइश दी। साथ ही नहरों की सुरक्षा एवं बेहतर रख-रखाव से अंतिम छोर तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचाने में मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई।
जन संवाद के दौरान जल संरक्षण एवं जल उपयोग में जनभागीदारी के महत्व पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया। अधिकारियों ने बताया कि किसानों एवं ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से जल का बेहतर प्रबंधन किया जा सकता है और सिंचाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। इस दौरान ग्रामीणों ने अधिकारियों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और जल संरक्षण, व्यपवर्तन व्यवस्था तथा नहरों की सुरक्षा से संबंधित अपने विचार एवं सुझाव भी साझा किए। कार्यक्रम में जल संसाधन विभाग के अनुविभागीय अधिकारी श्री के.के. शर्मा, उप अभियंता श्री योगेश्वर सिन्हा एवं श्री रामावतार साहू उपस्थित रहे। जनपद सदस्य श्रीमती अंजनी रमेश साहू, श्री हीरालाल चेलसे, ग्राम पंचायत दुल्लापुर के सरपंच श्री गोविन्द यादव, पंचगण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए जल संरक्षण एवं सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही।

About The Author