सेवा संकल्प अभियान : सेवा की कहानी स्वरोजगार से साकार हुआ सपना, आत्मनिर्भर बनीं सपना सराफ

बिलासपुर, 6 अक्टूबर 2026/sns/- खुद का व्यवसाय हो और अपनी अलग पहचान बने, यह सपना बिलासपुर निवासी सपना सराफ लंबे समय से देख रही थीं। परिवार का साथ और आगे बढ़ने का हौसला तो था, लेकिन व्यवसाय शुरू करने के लिए जरूरी पूंजी की कमी उनके सपने की राह में बाधा बनी हुई थी। प्रधानमंत्री स्वरोजगार योजना से मिली आर्थिक मदद ने उनकी इस मुश्किल को दूर किया और आज सपना अपना व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ रही हैं।

सपना सराफ बताती हैं कि वे हमेशा से स्वयं का व्यवसाय शुरू करना चाहती थीं। नौकरी अथवा दूसरों पर निर्भर रहने के बजाय उनकी इच्छा अपने पैरों पर खड़े होकर कुछ करने की थी। परिवार ने भी उनके इस निर्णय में पूरा साथ दिया। इसी दौरान उन्हें प्रधानमंत्री स्वरोजगार योजना की जानकारी मिली। योजना के तहत बैंक से ऋण मिलने के बाद उनके लिए व्यवसाय शुरू करने की राह आसान हो गई। ऋण से मिली राशि का उपयोग उन्होंने व्यवसाय के लिए जरूरी संसाधन जुटाने में किया और अपने सपने को हकीकत में बदल दिया। सपना कहती हैं कि खुद का व्यवसाय शुरू करना उनके लिए केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि लंबे समय से संजोए सपने के पूरा होने जैसा है। व्यवसाय शुरू होने से उनमें आत्मविश्वास बढ़ा है और अब वे इसे आगे बढ़ाने तथा भविष्य में विस्तार देने की तैयारी कर रही हैं। परिवार का सहयोग और शासन की स्वरोजगार योजना से मिली सहायता उनके इस सफर में मजबूत सहारा बनी।

उन्होंने कहा कि स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाली योजनाएं युवाओं और आम नागरिकों को स्वयं का काम शुरू करने के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं। आर्थिक सहायता मिलने से ऐसे लोगों को भी आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है, जो पूंजी के अभाव में अपना व्यवसाय शुरू नहीं कर पाते। सपना सराफ ने स्वरोजगार के जरिए आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलने पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन की योजना से मिली सहायता ने उनके सपने को साकार करने और अपने पैरों पर खड़े होने की राह आसान की है।

About The Author