सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत ‘सियान मितान सप्ताह’ का पांचवां दिन संपन्न
मोहला, 07 अक्टूबर 2026/sns/- शासन के सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में आयोजित ‘सियान मितान सप्ताह’ का आयोजन निरंतर जारी है। सप्ताह के पांचवें दिन 05 अक्टूबर को जनपद पंचायत अंबागढ़ चौकी अंतर्गत ग्राम आमाटोला में सेवा सेतु अभियान शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित ‘सियान मितान सप्ताह’ (01 से 07 अक्टूबर 2026) के तहत वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान एवं उनके प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया गया। शिविर में जनपद पंचायत अंबागढ़ चौकी के अंतर्गत आने वाली 17 ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंच एवं अन्य जनप्रतिनिधियों सहित लगभग 500 ग्रामीणों ने सहभागिता की।
सांस्कृतिक दिवस के रूप में मनाया गया पांचवां दिन, सियानों का हुआ सम्मान
सियान मितान सप्ताह के पांचवें दिन को ‘सांस्कृतिक दिवस एवं सेवा सेतु अभियान’ के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम सहित सभी स्थानीय जनप्रतिनिधि की उपस्थिति में शिविर में उपस्थित 150 वरिष्ठ नागरिकों (सियान जनों) को शाल, श्रीफल, छाता एवं छड़ी भेंटकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर वरिष्ठ नागरिकों के चेहरों पर खुशी और आत्मीयता दिखाई दी।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, उनकी गरिमा एवं समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया गया। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाने के साथ-साथ समाज के वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता की भावना को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान देने के साथ ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं से जुड़ने का अवसर भी प्राप्त हुआ।