मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना से आसान हुआ सफर
अम्बिकापुर, 07 अक्टूबर 2026/sns/- सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों को सुगम परिवहन सुविधा से जोड़ने की दिशा में मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना ग्रामीणों के लिए मददगार साबित हो रही है। जिन क्षेत्रों में पहले सार्वजनिक परिवहन के साधनों की कमी के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती थी, वहां बस सेवा शुरू होने से दैनिक यात्रा आसान हुई है। कुंदी-अखोरा-राजपुर मार्ग पर बस सेवा शुरू होने से इस क्षेत्र के ग्रामीणों को भी आवागमन की बेहतर सुविधा मिली है।
राजपुर निवासी श्री शत्रुघ्न बताते हैं कि पहले उनके गांव की ओर बस नहीं चलती थी। इसके कारण आने-जाने के लिए पर्याप्त साधन उपलब्ध नहीं थे। अब मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत बस शुरू होने से ग्रामीण आसानी से अपने गंतव्य तक पहुंच पा रहे हैं। बस की सुविधा मिलने से यात्रा सुगम होने के साथ समय पर घर पहुंचना भी आसान हुआ है।
’बस सेवा ने दूर की आवागमन की परेशानी’
ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित बस सेवा की उपलब्धता रोजमर्रा के आवागमन के लिए महत्वपूर्ण है। कुंदी-अखोरा-राजपुर मार्ग पर बस सेवा शुरू होने से स्थानीय लोगों के लिए राजपुर एवं आसपास के क्षेत्रों तक पहुंच आसान हुई है। इससे लोगों को आवागमन के लिए बेहतर सार्वजनिक परिवहन का साधन मिला है।
श्री शत्रुघ्न ने बताया, पहले हमारे गांव में बस नहीं चलती थी। अब मुख्यमंत्री ग्रामीण बस चलने से बहुत सुविधा हो गई है। आना-जाना आसान हो गया है और हम समय पर घर पहुंच जाते हैं। बस सेवा शुरू होने से हम लोग बहुत खुश हैं। बस सेवा मिलने पर उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।
’सुदूर क्षेत्रों में बेहतर हो रही परिवहन सुविधा’
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के माध्यम से ऐसे ग्रामीण क्षेत्रों को सार्वजनिक परिवहन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जहां आवागमन के नियमित साधनों की उपलब्धता सीमित रही है। बस सेवा से ग्रामीणों को दैनिक कार्यों के लिए आने-जाने में सुविधा मिलने के साथ आसपास के क्षेत्रों तक पहुंच भी आसान हो रही है। कुंदी-अखोरा-राजपुर मार्ग पर शुरू हुई बस सेवा इसी दिशा में ग्रामीणों के लिए उपयोगी साबित हो रही है।