वनांचल ग्राम कमराखोल में कलेक्टर ने परखी योजनाओं की जमीनी हकीकत

कवर्धा, 08 अक्टूबर 2026/sns/- कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने पंडरिया विकासखंड के वनांचल ग्राम कमराखोल पहुंचकर शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत संचालित कार्यों और ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने पीएम जनमन योजना के तहत निर्मित आवास का निरीक्षण कर हितग्राही से चर्चा की और आवास सहित शासन की अन्य योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली।
कलेक्टर से चर्चा के दौरान झिमलाल की पत्नी ने बताया कि पीएम जनमन योजना के तहत उनका पक्का आवास बनकर तैयार हो गया है। उन्होंने बताया कि वे समूह से भी जुड़े हैं और योजना के तहत मिले ऋण से किराना दुकान शुरू की है। दुकान से उन्हें अच्छी आमदनी हो रही है। कलेक्टर ने उनसे दुकान के संचालन, आमदनी और परिवार की आर्थिक स्थिति में आए बदलाव की जानकारी ली। उन्होंने महतारी वंदन योजना का लाभ मिलने के संबंध में भी जानकारी ली।
इसके बाद कलेक्टर ने शासकीय प्राथमिक शाला कमराखोल का निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षा पहली और दूसरी के बच्चों से बातचीत कर पढ़ाई की स्थिति जानी और बच्चों से सरल सवाल पूछकर उनकी सीखने की स्थिति समझी। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ नियमित विद्यालय आने और सीखने के लिए प्रोत्साहित किया। कलेक्टर ने स्कूल में मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का निरीक्षण किया और बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने रसोई कक्ष का भी निरीक्षण किया। इस दौरान शिक्षकों से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने की व्यवस्था की जानकारी लेते हुए नियमित रूप से ऑनलाइन अटेंडेंस सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने ग्रामीणों से गांव में पेयजल व्यवस्था की जानकारी भी ली। उन्होंने स्कूल परिसर में शौचालय की स्थिति का निरीक्षण किया। खराब शौचालय को प्रस्ताव तैयार कर हटाने तथा आवश्यकतानुसार नया शौचालय निर्माण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि स्कूल में बच्चों के लिए स्वच्छ पेयजल, शौचालय और भोजन जैसी मूलभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। इस दौरान एसडीएम श्री अमित नाथ योगी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, पटवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author