खाद्य सुरक्षा को लेकर बीजापुर में जागरूकता की पहल, 41 खाद्य कारोबारियों ने लिया फोस्टेक प्रशिक्षण
बीजापुर, 08 अक्टूबर 2026/sns/-आम नागरिकों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा खाद्य कारोबारियों में खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा बीजापुर में बेसिक फोस्टेक (
FoSTaC) प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में जिले के 41 खाद्य कारोबारियों ने भाग लेकर खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता एवं खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रखरखाव से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ द्वारा राज्य में खाद्य कारोबारकर्ताओं को खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रशिक्षित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी तारतम्य में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में किराना व्यवसायियों, होटल, रेस्टोरेंट एवं कैफे संचालकों सहित ठेला लगाकर खाद्य सामग्री विक्रय करने वाले कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.आर. पुजारी तथा अभिहित अधिकारी श्री डी.के. देवांगन की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर मेसर्स शिक्षा एवं कल्याण समिति, झारखंड से आए प्रशिक्षक श्री शिव प्रजापति ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के प्रावधानों तथा खाद्य व्यवसाय के संचालन में बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष जोर-
प्रशिक्षण के दौरान खाद्य लाइसेंस संबंधी प्रावधानों, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, खाद्य सामग्री की खरीदी के समय ध्यान रखने योग्य आवश्यक बातों तथा खाद्य पदार्थों में होने वाले भौतिक, रासायनिक एवं जैविक खतरों के बारे में बताया गया। साथ ही खाद्य सामग्री तैयार करने, परोसने और विक्रय करने के दौरान साफ-सफाई एवं व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने के महत्व को समझाया गया। प्रशिक्षक ने पैक्ड खाद्य सामग्री पर अंकित लेबल, निर्माण एवं समाप्ति तिथि सहित अन्य आवश्यक जानकारियों की जांच करने तथा गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करने के संबंध में भी जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि खाद्य कारोबारियों द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने से खाद्य जनित बीमारियों के जोखिम को कम करने के साथ उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।
41 खाद्य कारोबारियों को मिलेगा एफएसएसएआई से मान्यता प्राप्त प्रमाण-पत्र-
प्रशिक्षण कार्यक्रम में बीजापुर के लगभग 41 खाद्य कारोबारियों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी प्रतिभागियों को भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) से मान्यता प्राप्त प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की इस पहल का उद्देश्य खाद्य कारोबारियों को निर्धारित सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक एवं प्रशिक्षित करना है, ताकि आम नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो सकें। यह प्रशिक्षण खाद्य कारोबारियों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ ही जनस्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।