कोलेगांव में 51.61 लाख रुपए से मिनी स्टेडियम का निर्माण पूरा
कवर्धा, 15 अक्टूबर 2026/sns/- कबीरधाम जिले के ग्राम पंचायत कोलेगांव में ग्रामीण युवाओं को खेलकूद के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में 51.61 लाख रुपए की लागत से मिनी स्टेडियम का निर्माण पूरा कर लिया गया है। इससे गांव के युवाओं को खेल गतिविधियों के लिए उपयुक्त स्थान मिलेगा और स्थानीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। मिनी स्टेडियम निर्माण के लिए मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के अंतर्गत 31.61 लाख रुपए तथा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत 20 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई थी। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत कोलेगांव के सरपंच को सौंपी गई थी।
निर्माण कार्य ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग, कबीरधाम के कार्यपालन अभियंता द्वारा तैयार प्राक्कलन के अनुसार कराया गया। अनुविभागीय अधिकारी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा उपसंभाग पंडरिया तथा क्षेत्रीय तकनीकी अधिकारी के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में यह कार्य 5 अक्टूबर 2023 को प्रारंभ हुआ और 10 अक्टूबर 2024 को पूरा कर लिया गया। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसका मूल्यांकन एवं सत्यापन किया गया। इसके बाद निर्माण कार्य का भुगतान किया गया।
ग्राम पंचायत में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सरपंच एवं सचिव को 15वें वित्त आयोग अथवा मूलभूत मद से आवश्यक राशि व्यय कर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इससे गांव की स्थानीय जरूरतों के अनुरूप सुविधाओं के विकास को गति मिलेगी। कोलेगांव में मिनी स्टेडियम का निर्माण ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे युवाओं को खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए बेहतर अवसर मिलने के साथ गांव में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।