प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए 16 अक्टूबर को होगी चौथी ओपन काउंसिलिंग
रायगढ़, 15 अक्टूबर 2026/sns/- मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु चौथी ओपन काउंसिलिंग 16 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी। यह काउंसिलिंग ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर होगी। इसके लिए 228 रिक्त सीटों के आधार पर तिथि निर्धारित की गई है।
कार्यालय आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास, नवा रायपुर द्वारा जारी सूचना के अनुसार, काउंसिलिंग शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 को सुबह 10.30 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। काउंसिलिंग का आयोजन इंद्रावती भवन, अटल नगर, नवा रायपुर स्थित कार्यालय आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास के तृतीय तल के हॉल क्रमांक-4 में किया जाएगा।
आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य
काउंसिलिंग में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा। इनमें कक्षा 8वीं में प्रथम श्रेणी (60 प्रतिशत) से उत्तीर्ण होने की अंकसूची, पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी नक्सल पीड़ित प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), अल्पसंख्यक वर्ग के अंतर्गत आने वाले विद्यार्थियों के लिए निर्धारित नोटरी सत्यापन प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र तथा विशेष पिछड़ी जनजाति प्रमाण पत्र (लागू होने पर) शामिल हैं। विशेष श्रेणी के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को अपनी पात्रता के समर्थन में संबंधित प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। इनमें दिव्यांग विद्यार्थी, दिव्यांग माता-पिता के बच्चे, अनाथ बच्चे, विधवा माता के बच्चे, परित्यक्ता महिला के बच्चे तथा देश की रक्षा करते हुए या कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिस, अ़र्द्धसैनिक बल, सशस्त्र बल एवं सैनिकों के बच्चे शामिल हैं।
प्रवेश के बाद भी प्रस्तुत करने होंगे दस्तावेज
काउंसिलिंग के बाद प्रयास आवासीय विद्यालय में प्रवेश की पात्रता होने पर विद्यार्थियों को दो दिवस के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी से काउंटर हस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) तथा जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकलसेल जांच प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि काउंसिलिंग रिक्त सीटों के आधार पर आयोजित की जा रही है तथा उपलब्ध सीटों की संख्या में वृद्धि या कमी हो सकती है। इच्छुक पात्र विद्यार्थी निर्धारित समय पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ काउंसिलिंग स्थल पर उपस्थित होकर प्रवेश प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।