मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम
रायगढ़, 16 अक्टूबर 2026/sns/- भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 01 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी किया गया है। इसके तहत पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के साथ ही आगामी तीन अर्हता तिथियों 01 अप्रैल, 01 जुलाई और 01 अक्टूबर के लिए भी अग्रिम आवेदन प्राप्त किए जाएंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मतदान केंद्रों का युक्तियुक्तकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन 02 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। एकीकृत मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 12 नवंबर को होगा। दावा/आपत्तियां दर्ज की अवधि 12 नवम्बर से 11 दिसम्बर 2026 तक, दावा/आपत्तियों का निराकरण 28 दिसम्बर 2026 तक तथा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को होगा। मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने के लिए ’फार्म-6’ भरना होगा। मृत, स्थायी रूप से अन्यत्र स्थानांतरित अथवा दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं के नाम हटाने के लिए ’फार्म-7’ तथा नाम, पता, जन्मतिथि सहित अन्य प्रविष्टियों में सुधार और नया मतदाता पहचान पत्र प्राप्त करने के लिए ’फार्म-8’ का उपयोग किया जा सकता है।
सभी संबंधित फार्म मतदान केंद्रों के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अथवा अभिहित अधिकारी से प्राप्त कर उनके पास जमा किए जा सकते हैं। इसके अतिरिक्त, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने सहित आवश्यक आवेदन निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल https://voters.eci.gov.in तथा ईसीआईनेट मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन भी किए जा सकते हैं। जिला निर्वाचन कार्यालय ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची में अपना नाम जांचें तथा आवश्यकतानुसार नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन के लिए निर्धारित प्रपत्र में आवेदन करें, ताकि मतदाता सूची में सही एवं अद्यतन प्रविष्टियां सुनिश्चित की जा सकें।