जिला स्तरीय युवा उत्सव: पंजीयन 25 अक्टूबर तक

मुंगेली, 16 अक्टूबर 2026/sns/- राज्य के युवाओं को कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों के क्षेत्र में अधिक अवसर उपलब्ध कराने तथा उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 27 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 के मध्य जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 का आयोजन किया जाएगा। उत्सव के माध्यम से जिले के युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे और राज्य स्तरीय युवा उत्सव में सहभागिता के लिए आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त करेंगे। जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 में युवाओं के लिए विभिन्न विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें विकसित भारत चैलेंज ट्रैक, लोक नृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज और पारंपरिक वेशभूषा शामिल हैं।
वरिष्ठ खेल अधिकारी ने बताया कि सभी विधाओं में 15 से 29 वर्ष तक के प्रतिभागी एवं 18 से 40 वर्ष तक के संगीतकार हिस्सा ले सकते हैं। आयु की गणना 17 अगस्त 2026 की स्थिति में की जाएगी। रॉक बैंड का आयोजन केवल राज्य स्तर पर किया जाएगा। इच्छुक प्रतिभागी 25 अक्टूबर 2026 तक अपने विकासखंड के प्रभारी अधिकारियों से संपर्क कर पंजीयन करा सकते हैं। विकासखंड पथरिया के प्रतिभागी नोडल अधिकारी अशोक कुमार यादव, व्यायाम शिक्षक, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिलतरा तथा निर्मल जांगड़े, व्यायाम शिक्षक, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मदकू से संपर्क कर सकते हैं।
विकासखंड लोरमी के प्रतिभागी नोडल अधिकारी सुबोध कुमार सिंह, व्यायाम शिक्षक, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोड़खाम्ही तथा रामनारायण सिंह राजपूत, व्यायाम शिक्षक, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेमरसल से संपर्क कर पंजीयन करा सकते हैं। इसी तरह विकासखंड मुंगेली के प्रतिभागी नोडल अधिकारी जावेद कोशले, व्यायाम शिक्षक, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दशरंगपुर तथा राजेन्द्र साहू, व्यायाम शिक्षक, सेजेस दाउपारा, मुंगेली से संपर्क कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए प्रतिभागी जिला कलेक्टोरेट स्थित कार्यालय वरिष्ठ खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग कक्ष क्रमांक 241 पर संपर्क कर सकते हैं।

About The Author