सेवा सेतु से ग्रामीण परिवारों को मिल रही शासकीय सेवाओं की सहज सुविधा
कोरबा, 17 अक्टूबर 2026/sns/-बच्चों की पढ़ाई और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आय प्रमाण पत्र बनवाने में पहले अभिभावकों को कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। आने-जाने में समय और धन खर्च होने के साथ ही जरूरी कामों के लिए अतिरिक्त प्रयास करने पड़ते थे। सेवा सेतु के माध्यम से अब आवश्यक शासकीय सेवाओं तक पहुंच आसान हो रही है, जिससे नागरिकों को अपने ही क्षेत्र में आवेदन की सुविधा मिल रही है।
पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम कोरबी निवासी श्री मनी राम को अपनी पुत्री सती कुमारी और पुत्र सत्य नारायण के आय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए इस सुविधा का लाभ मिला। उन्होंने आवश्यक दस्तावेजों के साथ ग्राम सुतर्रा स्थित अशोक ऑनलाइन सेंटर के माध्यम से आवेदन किया। आवेदन के कुछ ही दिनों के अंदर दोनों बच्चों के आय प्रमाण पत्र जारी हो गए। इससे उन्हें अनावश्यक भागदौड़ और कार्यालयों में बार-बार जाने की परेशानी से राहत मिली।
अपना अनुभव साझा करते हुए श्री मनी राम बताते हैं, “पहले बच्चों के जरूरी दस्तावेज बनवाने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। आने-जाने में समय लगता था और पैसे भी खर्च होते थे। इस बार मैंने सुतर्रा के अशोक ऑनलाइन सेंटर से आवेदन किया और केवल तीन दिन में दोनों बच्चों के आय प्रमाण पत्र बन गए। मुझे कहीं बार-बार जाने की जरूरत नहीं पड़ी। इससे समय और पैसे की बचत हुई और मेरा काम भी आसानी से हो गया।”
श्री मनी राम का कहना है कि सेवा सेतु जैसी सुविधा से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए शासकीय सेवाओं का लाभ लेना सरल हुआ है। अब आवश्यक दस्तावेजों के लिए आवेदन करने में कम परेशानी होती है और परिवार के दूसरे जरूरी कामों के लिए भी समय मिल पाता है।
इस सुविधा के लिए श्री मनी राम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहते हैं, “सरकार की इस पहल से हम जैसे ग्रामीण परिवारों को काफी सुविधा मिल रही है। मेरे दोनों बच्चों के आय प्रमाण पत्र तीन दिन में जारी हो गए, जिससे मुझे बहुत राहत मिली। पहले जिन कामों के लिए बार-बार जाना पड़ता था, वे अब आसानी से हो रहे हैं। आम लोगों का समय और धन बचाने वाली इस व्यवस्था के लिए मैं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को धन्यवाद देता हूं।”