28 अक्टूबर को जिला स्तरीय युवा उत्सव का भव्य आयोजन

सुकमा, 18 अक्टुबर 2026/sns/- छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निर्देशानुसार जिला प्रशासन सुकमा द्वारा युवाओं की प्रतिभा को निखारने, उनकी रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करने और सांस्कृतिक विरासत को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी कड़ी में जिला स्तरीय युवा उत्सव वर्ष 2026-27 का आयोजन 28 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10 बजे से सक्षम कोचिंग, पुराना कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर, सुकमा में प्रस्तावित है। यह आयोजन जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करने का एक प्रभावी मंच प्रदान करेगा।
युवा उत्सव में विकसित भारत चौलेंज ट्रैक, लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, क्रिएटिव यूथ रील चौलेंज और पारंपरिक वेशभूषा सहित विभिन्न सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं रचनात्मक विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को अपनी कला, कल्पनाशीलता और नवाचार की क्षमता प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, यह आयोजन स्थानीय लोकसंस्कृति एवं परंपराओं को प्रोत्साहित करने, सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 17 अगस्त 2026 की स्थिति में प्रतिभागियों की आयु 15 से 29 वर्ष निर्धारित की गई है। विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र, स्मृति चिह्न एवं पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय युवा उत्सव में सुकमा जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर भी मिलेगा। इस पहल से युवाओं को अपनी क्षमता पहचानने, प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्राप्त करने और बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संबंधित विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य संस्थाओं से पात्र युवाओं की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया है। सभी संबंधित संस्थाओं से प्रतिभागियों का चयन कर उनकी सूची निर्धारित समय-सीमा में जिला खेल एवं युवा कल्याण कार्यालय, सुकमा को उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। जिला प्रशासन ने जिले के युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाते हुए उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की है। प्रशासन का उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करना, उनकी प्रतिभा को उचित मंच उपलब्ध कराना और जिले में युवा शक्ति, सांस्कृतिक गौरव एवं रचनात्मकता को नई पहचान दिलाना है।

About The Author